Newsमोहला-मानपुर

ग्राम मार्री  के ग्रामीणों ने अनियमित एवं अघोषित विधुत कटौती के खिलाफ खोला मोर्चा

ग्राम मार्री के ग्रामीणों ने अनियमित एवं अघोषित विद्युत कटौती के खिलाफ खोला मोर्चा
मुख्य अभियंता विद्युत विभाग वासड़ी को सौंपा ज्ञापन, शीघ्र समाधान की मांग
मोहला-मानपुर। ग्राम मार्री के ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार हो रही अनियमित एवं अघोषित विद्युत कटौती को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता वासड़ी को ज्ञापन प्रेषित किया है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से बिना किसी पूर्व सूचना के बार-बार बिजली बंद की जा रही है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि भीषण गर्मी के इस मौसम में लगातार बिजली कटौती के कारण बच्चों की पढ़ाई, किसानों के कृषि कार्य, छोटे व्यापारियों के व्यवसाय तथा घरेलू कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। कई बार दिन और रात में घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से वृद्धजनों, महिलाओं एवं छोटे बच्चों को अधिक कठिनाई हो रही है।


ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली कटौती की कोई पूर्व सूचना नहीं दी जाती, जिससे लोग आवश्यक कार्यों की योजना भी नहीं बना पाते। गांव में पेयजल व्यवस्था भी विद्युत आपूर्ति पर निर्भर है, जिसके कारण बिजली बंद होते ही पानी की समस्या उत्पन्न हो जाती है। किसानों ने बताया कि सिंचाई कार्य प्रभावित होने से फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहती है।
ग्रामवासियों ने ज्ञापन में मांग की है कि क्षेत्र में नियमित एवं सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा यदि किसी तकनीकी कारणवश बिजली बंद करनी पड़े तो इसकी पूर्व सूचना उपभोक्ताओं को दी जाए। साथ ही बार-बार होने वाले फॉल्ट एवं तकनीकी खामियों को शीघ्र दूर कर विद्युत व्यवस्था में सुधार किया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे जनहित में व्यापक जनआंदोलन एवं धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।
ग्राम मार्री के नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि विद्युत विभाग उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करेगा तथा क्षेत्र में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करेगा, जिससे आम जनता को राहत मिल सके।
प्रेस विज्ञप्ति के लिए यह जानकारी नवल दास साहु ने दी है।

Back to top button
error: Content is protected !!