News

एक लाख 25 हजार दीपों से जगमगाया  मोहला मानपुर अम्बागढ़चौकी जिला

1 लाख 25 हजार दीपों से जगमगाया मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला
मोहला, 17 सितंबर 2026। सेवा, समर्पण, सुशासन और जनभागीदारी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। शाम 7 बजे जिला मुख्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर एक साथ 1 लाख 25 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
जिला मुख्यालय मोहला के मिनी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में करीब 11 हजार दीपों से पूरा परिसर रोशन हुआ। राजनांदगांव लोकसभा सांसद संतोष पांडे ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, जनपद अध्यक्ष गैंद कुंवर ठाकुर, कलेक्टर तनुजा सलाम, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह, जिला पंचायत सीईओ उज्ज्वल पोरवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्व-सहायता समूह की महिलाएं, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम स्थल पर भारत के नक्शे की आकर्षक रंगोली बनाई गई। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को और भी आकर्षक बनाया।
सेवा और जनभागीदारी का संदेश
सांसद संतोष पांडे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक सेवा यात्रा जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी रही है। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण तथा महिला सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाओं एवं पहलों के माध्यम से अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिलेभर में प्रज्ज्वलित दीप सेवा, समर्पण, आशा और संकल्प के प्रतीक हैं। शासन की योजनाओं के साथ समाज की सक्रिय भागीदारी जुड़ने से विकास को व्यापक जनसहभागिता मिलती है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह ने ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को जिलेवासियों के सामूहिक संकल्प, एकजुटता और जनभागीदारी का प्रतीक बताया। उन्होंने नागरिकों से समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने की अपील की।
गांवों से विकासखंड मुख्यालय तक जले दीप
शाम 7 बजे मोहला के साथ मानपुर के इंद्रप्रस्थ स्टेडियम और अंबागढ़ चौकी के शिवनाथ नदी घाट सहित विभिन्न चिन्हित स्थलों, शहरी चौक, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों और मोहल्लों में दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत भवन, शासकीय कार्यालय, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के आवासों, अमृत सरोवर, पीडीएस भवन सहित सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप जलाए गए। नागरिकों ने अपने घरों और दुकानों में दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान में सहभागिता निभाई।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, शासकीय कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सहभागिता से पूरे जिले में उत्सव और सामूहिक भागीदारी का माहौल नजर आया।

योगेन्द्र सिंगने मोहला की रिपोर्ट।

Back to top button
error: Content is protected !!