Newsछत्तीसगढ़मोहला

ग्राम चिल्हाटी में शराब  दुकान खोलने के प्रस्ताव का विरोध

ग्राम चिल्हाटी में शराब दुकान खोलने के प्रस्ताव का विरोध, भारतीय बौद्ध महासभा ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
पंचशील धर्मध्वज के समीप शराब भट्टी खोलने पर जताई आपत्ति, 52 गांवों की सामाजिक एवं धार्मिक आस्था का दिया हवाला
मोहला। जिले के ग्राम चिल्हाटी में ग्राम पंचायत द्वारा निर्माणाधीन भवन में शराब भट्टी खोलने के प्रस्ताव को लेकर विरोध के स्वर उठने लगे हैं। इस संबंध में भारतीय बौद्ध महासभा, डोंगरगांव क्षेत्र शाखा की ओर से जिला कलेक्टर मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी को ज्ञापन सौंपकर शराब दुकान खोलने के प्रस्ताव को निरस्त करने की मांग की गई है।


ज्ञापन में बताया गया है कि ग्राम चिल्हाटी में ग्राम पंचायत द्वारा निर्माणाधीन भवन में शराब भट्टी खोलने का प्रस्ताव किया गया है। वहीं, उक्त भवन के सामने लगभग पांच मीटर की दूरी पर बौद्ध समाज द्वारा पंचशील धर्मध्वज स्थापित किया गया है। बौद्ध समाज यहां प्रतिवर्ष विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के साथ महापुरुषों की जयंती मनाता है।
महासभा ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि बौद्ध समाज के लिए यह स्थान धार्मिक आस्था एवं सामाजिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां प्रतिवर्ष 14 अक्टूबर को धम्म चक्र प्रवर्तन दिवस, 26 नवंबर को संविधान दिवस, 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती, 6 दिसंबर को महापरिनिर्वाण दिवस तथा महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती सहित विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।
ज्ञापन के माध्यम से कहा गया है कि शराब भट्टी खुलने से समाज की धार्मिक भावनाएं आहत होने की आशंका है। भारतीय बौद्ध महासभा ने डोंगरगांव क्षेत्र शाखा के अंतर्गत आने वाले समस्त 52 गांवों की सामाजिक एवं धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए शराब भट्टी खोलने के प्रस्ताव को निरस्त करने का आग्रह जिला प्रशासन से किया है।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या निर्णय लेता है और ग्रामीणों एवं सामाजिक संगठनों की आपत्तियों पर किस प्रकार कार्रवाई करता है।

मोहला से योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट

Back to top button