सशक्त नारी युवा उड़ान के संकल्प के साथ गूंजा राज्योत्सव का मंच, छत्तीसगढ़ की संस्कृति की दिखी गौरवशाली झलक

– ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ के संकल्प के साथ गूंजा राज्योत्सव का मंच, छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विकास की दिखी गौरवशाली झलक
– राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने किया जिला स्तरीय राज्योत्सव का शुभारंभ, महिला सशक्तिकरण और युवाओं की भागीदारी को बताया विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव मोहला, 02 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के मिनी स्टेडियम मोहला में सोमवार को जिला स्तरीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव उत्साह, उमंग और गौरवपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है, जो महिला सशक्तिकरण और युवाओं की क्षमता को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का संदेश देती है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा शामिल हुईं। उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी के शैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत का गायन किया गया। पूरे आयोजन में प्रदेश की गौरवशाली पहचान, सांस्कृतिक विरासत और विकास के संकल्प की झलक देखने को




















मिली। मुख्य अतिथि श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने राज्योत्सव स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विभागीय स्टालों एवं विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विभागीय योजनाओं, नवाचारों और उपलब्धियों की जानकारी लेते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की तथा संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ केवल एक थीम नहीं, बल्कि सशक्त और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प है। किसी भी समाज और प्रदेश की प्रगति महिलाओं की भागीदारी और युवाओं की ऊर्जा के बिना संभव नहीं है। महिलाओं को शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्रदान कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना आवश्यक है। जब महिलाएं सशक्त होंगी, तभी परिवार और समाज मजबूत होगा। इसी तरह युवाओं को अपनी प्रतिभा, कौशल और नवाचार के माध्यम से प्रदेश के विकास में आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी एवं सुशासन आधारित योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं और अवसर पहुंचाने का माध्यम बन रही हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रदेश की विकास यात्रा में सहभागी बनने का अपील करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ राज्योत्सव प्रदेश की अस्मिता, गौरव, संस्कृति और विकास यात्रा का उत्सव है। राज्य निर्माण के बाद प्रदेश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। शासन की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने जिले की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला अपनी विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों, प्राकृतिक संपदा और सांस्कृतिक विरासत के लिए विशेष पहचान रखता है। जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, अधोसंरचना विकास एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले की विकास यात्रा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों की सहभागिता महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री भोजेश शाह, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शांति बाई त्रिपुरे, श्री नेहरू रजक, जनपद पंचायत मानपुर अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा मांडवी, जनपद पंचायत मोहला अध्यक्ष श्रीमती गैंद कुंवर ठाकुर, कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री उज्ज्वल पोरवाल, जनप्रतिनिधि श्री मदन साहू सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
राज्योत्सव के मंच पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बिखेरी छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति की अनुपम छटा
राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया। लोक चंदा (मुनगाडीह) द्वारा आकर्षक लोक प्रस्तुति दी गई। वहीं बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के प्रति जनजागरूकता लाने के उद्देश्य से आधारित लोकनाट्य का मंचन किया गया। कु. माधुरी पुरामे ने ओडिसी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। स्कूल शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों ने भी आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोककला, सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक जागरूकता का सुंदर संदेश दिया गया।
– विभागीय योजनाओं से लाभान्वित हुए पात्र हितग्राही, जिला पंचायत की प्रदर्शनी को मिला प्रथम पुरस्कार
राज्योत्सव के अवसर पर मिनी स्टेडियम, मोहला में जिला स्तरीय विभागीय प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने विभागीय योजनाओं, उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी आकर्षक स्टॉल के माध्यम से प्रदर्शित की गई। इस दौरान विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया।
प्रदर्शनी में बेहतर, आकर्षक एवं सुव्यवस्थित स्टॉल लगाने वाले विभागों को मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा द्वारा सम्मानित किया गया। इसमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को प्रथम पुरस्कार, कृषि एवं संबद्ध विभाग को द्वितीय पुरस्कार तथा जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी (चिप्स) को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
मोहला से योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट