
– युवा रत्न सम्मान 2026-27 के लिए 30 अक्टूबर तक आमंत्रित किए गए आवेदन
– उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं एवं स्वैच्छिक संस्थाओं को मिलेगा सम्मान, युवाओं को 1 लाख और विशेष श्रेणी में 2.50 लाख रुपये तक की सम्मान राशि मोहला 27 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए युवा रत्न सम्मान हेतु पात्र युवाओं एवं स्वैच्छिक संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस योजना का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले युवाओं एवं संस्थाओं को प्रोत्साहित कर उनकी प्रतिभा और समाज के प्रति उनके योगदान को सम्मानित करना है। इच्छुक पात्र आवेदक 30 अक्टूबर 2026 तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। युवा रत्न सम्मान के अंतर्गत सामाजिक कार्य, साहित्य, उद्योग, शिक्षा, खेल, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं बाल विकास, मीडिया, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, दिव्यांगजन सशक्तिकरण तथा कला, संगीत एवं लोक कला सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं का चयन किया जाएगा। चयनित प्रत्येक युवा को एक लाख रुपये की नकद राशि, पदक, प्रशस्ति पत्र एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। योजना के अंतर्गत विशेष छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान का भी प्रावधान है। इसके तहत विशिष्ट सेवा कार्य करने वाले चयनित युवा को व्यक्तिगत श्रेणी में 2.50 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। वहीं, समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाली पात्र स्वैच्छिक संस्था अथवा संगठन को पांच लाख रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। योजना के लिए आवेदक का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना अनिवार्य है। निर्धारित पात्रता के अनुसार, आवेदक की आयु एक अप्रैल 2026 तक कम से कम 15 वर्ष पूर्ण होनी चाहिए तथा 31 मार्च 2026 को उसकी आयु 29 वर्ष से कम होनी चाहिए। इच्छुक युवा एवं पात्र स्वैच्छिक संस्थाएं निर्धारित आवेदन प्रारूप में आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर प्रभारी जिला खेल अधिकारी, जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के कलेक्टर कार्यालय स्थित कक्ष क्रमांक 13 में 30 अक्टूबर 2026 तक आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन प्रारूप एवं योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट https://sportsyw.cg.gov.in/ पर उपलब्ध है। पात्र युवाओं एवं संस्थाओं से निर्धारित समय-सीमा में आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की गई है।
मोहला से योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट
Cannot collect videos from this channel. Please make sure this is a valid channel ID.
Error: No videos found.
Make sure this is a valid channel ID and that the channel has videos available on youtube.com.