Newsछत्तीसगढ़मोहला

पटवारी संघ की हड़ताल के 21वें दिन उग्र प्रदर्शन, प्रांताध्यक्ष के निलंबन आदेश और नोटिस की सामूहिक होली जलाकर जताया विरोध

पटवारी संघ की हड़ताल के 21वें दिन उग्र प्रदर्शन, प्रांताध्यक्ष के निलंबन आदेश और नोटिस की सामूहिक होली जलाकर जताया विरोध
दमनात्मक कार्रवाई के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान, प्रांताध्यक्ष के समर्थन में एकजुट हुए जिलेभर के पटवारी
मोहला। राजस्व पटवारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल के 21वें दिन सोमवार को राजस्व पटवारी संघ जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के समस्त सदस्यों ने मोहला स्थित छुरिया मंदिर प्रांगण में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान संघ के प्रांताध्यक्ष के निलंबन एवं उनके विरुद्ध की गई कथित दमनात्मक कार्रवाई के विरोध में निलंबन आदेश और जारी नोटिस की सामूहिक रूप से होली जलाकर आक्रोश व्यक्त किया गया।
प्रदर्शन के दौरान हड़ताल स्थल पर उपस्थित पटवारी संघ के सदस्यों ने एकजुटता का परिचय देते हुए प्रांताध्यक्ष के साथ मजबूती से खड़े रहने का संकल्प लिया। सदस्यों ने कहा कि संघ के नेतृत्व के विरुद्ध की जा रही दमनात्मक कार्रवाई को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। अपने अधिकारों और संगठन की एकता की रक्षा के लिए अंतिम अंजाम तक संघर्ष जारी रखा जाएगा।


इस अवसर पर पटवारियों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ आक्रोशपूर्ण नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों और विरोध को बुलंद आवाज में उठाया। संघ के सदस्यों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती और प्रांताध्यक्ष के विरुद्ध की गई कार्रवाई पर उचित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
21 दिनों से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच पटवारी संघ का यह प्रदर्शन संगठन की एकजुटता और आंदोलन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

मोहला से योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट

Back to top button