ज्ञापन बेअसर, आक्रोश में जनता: वार्ड 14 की बदहाल सड़क को लेकर आंदोलन का बिगुल, प्लांट के पहिए रोकने की चेतावनी

ज्ञापन बेअसर, आक्रोश में जनता: वार्ड 14 की बदहाल सड़क को लेकर आंदोलन का बिगुल, प्लांट के पहिए रोकने की चेतावनी
दल्ली राजहरा : –
दल्ली राजहरा (BSP) प्रबंधन की निरंतर उपेक्षा और प्रशासनिक उदासीनता से तंग आकर वार्ड क्रमांक 14 की जनता अब सड़कों पर उतरने को मजबूर हो गई है। वार्ड के मुख्य चौक की सड़क लंबे समय से जर्जर स्थिति में है, जहां जानलेवा गड्ढे और बारिश के जलजमाव ने राहगीरों व वाहन चालकों की जिंदगी को जोखिम में डाल दिया है। कभी भी किसी भीषण हादसे की आशंका बनी हुई है, लेकिन प्रबंधन आंखें मूंदे बैठा है।

पूर्व में भी लिखित ज्ञापन सौंपकर सड़क मरम्मत की पुरजोर मांग की गई थी, परंतु बीएसपी प्रशासन ने जनहित के इस संवेदनशील मुद्दे को ठंडे बस्ते में डाल दिया। सबसे शर्मनाक पहलू यह है कि जिन बीएसपी अधिकारियों के कंधों पर व्यवस्था सुधारने की जिम्मेदारी है, वे खुद रोज इसी बदहाल मार्ग से गुजरते हैं। अपनी आंखों के सामने जनता की तकलीफ़ देखकर भी मूकदर्शक बने रहना प्रबंधन की संवेदनहीनता को उजागर करता है।
आंदोलन की सीधी चेतावनी
आंदोलन की सीधी चेतावनी
स्थानीय पार्षद श्रीमती प्राची चंद्रप्रकाश सिन्हा के नेतृत्व में निवासियों ने चेतावनी दी है कि अब केवल कागजी पन्नों और कोरे आश्वासनों का दौर खत्म हो चुका है—जनता को ज़मीन पर काम चाहिए। यदि बीएसपी प्रबंधन ने इस समस्या का तत्काल और स्थायी समाधान नहीं निकाला, तो वार्ड 14 की जनता उग्र आंदोलन करेगी:

पूर्ण चक्का जाम: वार्ड के मुख्य चौक पर उग्र चक्का जाम किया जाएगा।
प्लांट का ट्रांसपोर्ट ठप: बीएसपी की एक भी गाड़ी को चौक से होकर प्लांट की ओर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और सड़क निर्माण में अब एक दिन की देरी भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि यातायात बाधित होता है या औद्योगिक कार्य प्रभावित होता है, तो इसकी पूरी नैतिक व प्रशासनिक जिम्मेदारी केवल और केवल बीएसपी प्रबंधन की होगी।