Newsमोहला-मानपुर

वनांचल के बेटे जसवंत रोया ने रचा इतिहास JEEAdvanced पास कर  IIT धनबाद मे बनाया स्थान

वनांचल के बेटे जसवंत पोया ने रचा इतिहास, JEE Advanced पास कर IIT धनबाद में बनाया स्थान

कम संसाधनों के बीच कड़ी मेहनत से हासिल की सफलता, विधायक इंद्रशाह मंडावी ने किया सम्मानित

मोहला: दूरस्थ वनांचल क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोसमी अंतर्गत गजीटोला (पूसेवाड़ा), तहसील खड़गांव के होनहार छात्र जसवंत पोया ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर JEE Advanced जैसी देश की कठिनतम प्रतियोगी परीक्षा उत्तीर्ण कर आईआईटी (ISM) धनबाद में मैकेनिकल इंजीनियरिंग शाखा में प्रवेश प्राप्त किया है। जसवंत की इस उपलब्धि से पूरे वनांचल क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

जसवंत पोया आर्थिक रूप से साधारण परिवार से आते है जिन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा कक्षा पहली से आठवीं तक कोसमी में पूरी की। इसके बाद उनका चयन प्रयास आवासीय विद्यालय, रायपुर में हुआ, जहां कक्षा नौवीं से बारहवीं तक अध्ययन करते हुए उन्होंने इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी की। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत करते हुए देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी धनबाद में प्रवेश हासिल किया। अपनी सफलता पर जसवंत ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और प्रयास विद्यालय के शिक्षकों को दिया।

जसवंत की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर क्षेत्रीय विधायक इंद्रशाह मंडावी ने उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। विधायक ने कहा कि वनांचल क्षेत्र के युवाओं की प्रतिभा किसी से कम नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में पढ़ाई या अन्य किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर हरसंभव आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाएगा।

इस अवसर पर डॉ. रीना कोमरे, जसवंत के पिता जीवन पोया तथा स्वयं जसवंत ने विधायक से सौजन्य मुलाकात किया। विधायक ने जसवंत की सफलता को पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि उनका संघर्ष और उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का साहस देने वाली है।

वनांचल के एक छोटे से गांव से निकलकर देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान तक पहुंचने वाले जसवंत पोया की सफलता इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। उनकी यह उपलब्धि निश्चित रूप से क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी और शिक्षा के प्रति नया उत्साह पैदा करेगी।

मानपुर से जिब्राइल खान की रिपोर्ट

Back to top button
error: Content is protected !!