सेवा संकल्प अभियान, 2026

– सेवा संकल्प अभियान
– युवा उड़ान 2026: विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर हुआ मंथन
– छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने युवाओं से कहा संघर्ष ही सफलता की कुंजी, शॉर्टकट से बचें
– वनधन केंद्र मोहला में युवा उड़ान 2026 का आयोजन, उत्कृष्ट खिलाड़ियों का हुआ सम्मान मोहला 29 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका एवं सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “युवा उड़ान 2026” कार्यक्रम का आयोजन वनधन केंद्र, मोहला में किया गया। कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी, उनकी क्षमता, नवाचार तथा राष्ट्र एवं प्रदेश के विकास में उनकी भूमिका को लेकर परिचर्चा आयोजित की गई। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह, जनपद पंचायत मोहला अध्यक्ष श्रीमती गैंद कुंवर ठाकुर, जनपद पंचायत चौकी अध्यक्ष श्री पुनाऊ रामफुल कावरे, जिला पंचायत सदस्य श्री नरसिंह भंडारी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शांतिबाई त्रिपुरे, जनप्रतिनिधि श्री दिलीप वर्मा, कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम सहित विभागीय अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, बड़ी संख्या में युवा, आम नागरिक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री विश्व विजय सिंह तोमर ने युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता को देश एवं प्रदेश के विकास की महत्वपूर्ण शक्ति बताया। उन्होंने युवाओं से अपने लक्ष्य को निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने तथा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, संघर्ष और निरंतर मेहनत ही सफलता की वास्तविक कुंजी है। युवाओं को असफलताओं से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए और अपने समय एवं ऊर्जा का सदुपयोग करना चाहिए। श्री तोमर ने सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए युवाओं को इनके

















सकारात्मक एवं जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक युवाओं के लिए सीखने, नवाचार करने और आगे बढ़ने के नए अवसर उपलब्ध करा रही है, लेकिन इसका उपयोग जागरूकता और जिम्मेदारी के साथ किया जाना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी रुचि और प्रतिभा के अनुरूप लक्ष्य तय करें तथा अनुशासन, मेहनत और निरंतर अभ्यास के माध्यम से अपनी पहचान बनाएं। श्री तोमर ने कार्यक्रम के दौरान युवाओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने युवाओं की रुचियों, उनकी चुनौतियों, शिक्षा, रोजगार, खेल, कौशल विकास एवं नवाचार से जुड़े विषयों पर चर्चा की और उनके विचार सुने। युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक अपनी बात रखी तथा विभिन्न विषयों पर सुझाव दिए। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं में अपार ऊर्जा और प्रतिभा है। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के साथ असफलताएं भी आती हैं, इसलिए हार से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, खेल, कला-संस्कृति सहित अपनी रुचि के किसी भी क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ युवा अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं और समाज एवं प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों का मुख्य अतिथि श्री तोमर ने निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूली विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान मॉडल का भी अवलोकन किया और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।
– सुझाव पत्र के माध्यम से युवाओं की सुनी गई बात
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को सुझाव पत्र वितरित किए गए। युवाओं से शिक्षा, रोजगार, खेल, कौशल विकास, नवाचार सहित स्थानीय स्तर की आवश्यकताओं और समस्याओं से जुड़े अपने सुझाव पत्र के माध्यम से देने का आग्रह किया गया। प्राप्त सुझावों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का उद्देश्य रखा गया, ताकि युवाओं की अपेक्षाओं एवं विचारों को विकास की योजनाओं में शामिल किया जा सके। युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया। इसके माध्यम से युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों, सकारात्मक सोच और समाज एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका का संदेश दिया गया।
– उत्कृष्ट खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें निरंतर मेहनत एवं अभ्यास के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य से जोड़ने, उनकी प्रतिभा एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा विकास कार्यों में उनकी सक्रिय सहभागिता बढ़ाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
मोहला से योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट