– विभिन्न पोर्टलों में लंबित प्रकरणों का समयबद्ध करें निराकरण-कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति

– बस्तर मुन्ने अभियान के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को करें लाभान्वित
– योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर करें विशेष फोकस
– विभिन्न पोर्टलों में लंबित प्रकरणों का समयबद्ध करें निराकरण-कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति
– बस्तर मुन्ने अभियान के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को करें लाभान्वित
– योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर करें विशेष फोकस मोहला 20 जुलाई 2026। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे, एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य, एसडीएम मानपुर श्री अमित नाथ योगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने पीजी पोर्टल, कलेक्टर जनदर्शन, सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न शिकायत पोर्टलों की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का परीक्षण कर उनका शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। बैठक में उन्होंने विभिन्न स्कूलों में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग को सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी को निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। जिन शालाओं में अतिरिक्त कक्ष, शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता है, उनके लिए शीघ्र प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश भी आरईएस को दिए। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के भुगतान की स्थिति की जानकारी ली तथा शेष पात्र किसानों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के



लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने बस्तर मुन्ने सर्वेक्षण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए विभागवार किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, जल जीवन मिशन, मृत्यु प्रमाण पत्र, ईडब्ल्यूएस एवं आय प्रमाण पत्र, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन जैसी विभिन्न परिवारमूलक योजनाओं तथा आधार कार्ड, जनधन खाता, आयुष्मान कार्ड, जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, शिक्षा विभाग अंतर्गत मध्यान्ह भोजन, निःशुल्क यूनिफॉर्म एवं पाठ्यपुस्तकों का वितरण, टीकाकरण, श्रमिक कार्ड, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, महतारी वंदन योजना तथा मतदाता पहचान पत्र जैसी विभिन्न व्यक्तिमूलक एवं परिवारमूलक योजनाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्रता का परीक्षण कर ऐसे सभी हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाए, जिन्हें अभी तक लाभ प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने एग्रीस्टैक पंजीयन में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने राजस्व विभाग के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने भू-अर्जन प्रकरणों की वर्तमान स्थिति की भी जानकारी ली। बैठक के अंत में उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष फोकस करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध रूप से योजनाओं का लाभ मिल सके।
– स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल आयोजन हेतु विभागीय अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों एवं सफल आयोजन के लिए विभागीय अधिकारियों को विभिन्न दायित्व सौंपे। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं समन्वित ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि समारोह गरिमापूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
मानपुर से जिब्राइल खान की रिपोर्ट