थाना खडगांव पुलिस की अनुठी पहल

मानपुर/खड़गांव__
दिनांक : 01 अगस्त 2026
💥 थाना खड़गांव पुलिस की अनूठी पहल : 300 से अधिक विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, नवीन कानूनों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की दी जानकारी।
💥 सामुदायिक पुलिसिंग के तहत थाना खड़गांव का जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव एवं कानून पालन का दिया संदेश।
💥 संदिग्ध विदेशी नागरिक, बांग्लादेशी अथवा रोहिंग्या की सूचना दें टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 पर, थाना खड़गांव पुलिस ने आमजन से की अपील।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी श्री वाय.पी. सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मानपुर श्री विनोद कुमार मिंज के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी खड़गांव निरीक्षक श्री सुशील त्रिपाठी के कुशल नेतृत्व में आज दिनांक 01 अगस्त 2026 को स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम एवं हिन्दी मीडियम विद्यालय, खड़गांव में सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत एक व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में 300 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं 20 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा विद्यालयीन स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता, साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन तथा जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करना था।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, व्यक्तित्व, राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यों तथा उनके आदर्शों की विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को उनके कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित एवं राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने वाले व्यक्तित्व से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।
इसके पश्चात विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA), यातायात नियमों तथा वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, यूपीआई फ्रॉड एवं सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई।
साथ ही राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल, साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं आपातकालीन सेवा 112 के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आमजन एवं विद्यार्थियों से अपील की गई कि यदि उनके क्षेत्र में कोई संदिग्ध बाहरी व्यक्ति, विदेशी नागरिक, बांग्लादेशी अथवा रोहिंग्या अवैध रूप से निवास, कार्य अथवा व्यवसाय करते हुए दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 अथवा निकटतम पुलिस थाना को दें, ताकि समय रहते आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा सके। इस संबंध में पंचायत भवन, तहसील कार्यालय, शासकीय अस्पताल, ग्रामीण बैंक सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता पोस्टर भी लगाए गए।
कार्यक्रम में समर्पित गरीबी उन्मूलन एवं सामाजिक अनुसंधान संस्थान के सहयोग से विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़ नाटक की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई। नाटक के माध्यम से साइबर अपराधों, सामाजिक जागरूकता एवं नागरिक कर्तव्यों का प्रभावशाली संदेश दिया गया, जिसे विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सराहा।

कार्यक्रम में थाना खड़गांव से निरीक्षक सुशील कुमार त्रिपाठी (थाना प्रभारी), उप निरीक्षक अ. रियाज (प्रशिक्षु), आरक्षक आशीष जोगी, नर्मदा पैकरा एवं महेन्द्र ध्रुव की गरिमामयी उपस्थिति रही।


अंत में थाना खड़गांव पुलिस द्वारा सभी विद्यार्थियों से कानून का सम्मान करने, यातायात नियमों का पालन करने, साइबर अपराधों के प्रति सदैव सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
मानपुर से जिब्राइल खान की रिपोर्ट