Newsछत्तीसगढ़मानपुर

अंदरूनी इलाकों में पहुंची स्वास्थ्य की टीम, जवानों के साथ ग्रामीणों की भी हुई जांच

अंदरूनी इलाकों में पहुंची स्वास्थ्य की टीम, जवानों के साथ ग्रामीणों की भी हुई जांच

मेडिकल कैंप में 58 अधिकारी-कर्मचारियों समेत ग्रामीणों को मिला उपचार, साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति का भी दिया संदेश

मानपुर ————-नक्सल प्रभावित और अंदरूनी क्षेत्रों में तैनात जवानों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर 14वीं वाहिनी (भा./र.) छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल ने एक सराहनीय पहल की है। सेनानी श्रीमती मोनिका ठाकुर की पहल पर ‘डी’ कंपनी कैंप पाटनखास में आयोजित विशेष शिविर में स्वास्थ्य जांच के साथ साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
23 सितंबर को आयोजित इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 58 अधिकारी-कर्मचारियों सहित कैंप पहुंचे ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की। ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, नेत्र परीक्षण और मलेरिया समेत कई जरूरी जांच की गईं। जांच के बाद चिकित्सकों ने आवश्यक परामर्श दिया और जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां एवं स्वास्थ्य किट वितरित किए।

स्वास्थ्य के साथ सुरक्षा का भी संदेश

शिविर की खास बात यह रही कि इसे केवल मेडिकल कैंप तक सीमित नहीं रखा गया। जवानों और ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव, नशे के दुष्प्रभाव और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौसमी बीमारियों से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, पोषण और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की उपयोगिता भी समझाई।

जवानों के साथ ग्रामीण भी हुए लाभान्वित

अंदरूनी क्षेत्र में आयोजित इस पहल से कैंप में मौजूद जवानों के साथ आसपास के ग्रामीणों को भी स्वास्थ्य सुविधाएं मिलीं। कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
इस पहल के जरिए सुरक्षा बल ने यह संदेश दिया कि अंदरूनी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था के साथ जवानों और स्थानीय ग्रामीणों के स्वास्थ्य, जागरूकता और कल्याण को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

मानपुर से जिब्राइल खान की रिपोर्ट

Back to top button
error: Content is protected !!