Newsमोहला

मोंगरा बैराज मेंव500से अधिक पौधों का रोपण


मोंगरा बैराज में 500 से अधिक पौधों का रोपण
सेवा संकल्प अभियान के तहत मोंगरा बैराज में हुआ वृहद वृक्षारोपण
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में जनभागीदारी से लगाए गए 500 से अधिक पौधे
मोहला, 23 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न जनभागीदारी आधारित सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत अंबागढ़ चौकी स्थित मोंगरा बैराज परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए 500 से अधिक पौधों का रोपण किया।


वृक्षारोपण कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष श्री अनिल मानिकपुरी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शांति त्रिपुरे, नगर पंचायत उपाध्यक्ष श्री पवन गुप्ता, पूर्व विधायक श्री संजीव शाह, जनप्रतिनिधि श्री दिलीप वर्मा सिंह, कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम, डीएफओ श्री अभिनव कुमार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, महाविद्यालय के विद्यार्थी, जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ हमारी भावनाओं और संस्कारों से भी जुड़ा हुआ है। मां के सम्मान एवं स्मृति में लगाया गया प्रत्येक पौधा प्रकृति के संरक्षण के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी निभाई जाए। उन्होंने जिलेवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें पेड़ बनने तक संरक्षित करने की अपील की।
कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। मोंगरा बैराज जैसे महत्वपूर्ण जलस्रोतों के आसपास वृक्षारोपण से हरित क्षेत्र का विस्तार होने के साथ पर्यावरण एवं जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि पौधा लगाने के साथ उसकी नियमित देखभाल भी हमारी जिम्मेदारी है। आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, बेहतर पर्यावरण और सुरक्षित भविष्य की आधारशिला बन सकता है।
जल संरक्षण और स्वच्छता का लिया संकल्प
मोंगरा बैराज परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने जल संरक्षण, जलस्रोतों की स्वच्छता तथा आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने का संकल्प लिया। सभी ने पौधों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के माध्यम से जिले में जनभागीदारी के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया गया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत नागरिकों को अपनी मां के सम्मान एवं स्मृति में पौधा लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।

योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट

Back to top button
error: Content is protected !!