IndiaNewsमोहला-मानपुर

मानपुर साप्ताहिक बाजार में  साइबर जागरूकता अभियान

मानपुर साप्ताहिक बाजार में साइबर जागरूकता अभियान
मानपुर साप्ताहिक बाजार में पुलिस ने चलाया साइबर जागरूकता अभियान
ओटीपी, बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने और ऑनलाइन ठगी से बचने ग्रामीणों को किया जागरूक
मानपुर। साप्ताहिक बाजार में खरीदारी करने पहुंचे ग्रामीणों एवं आसपास के गांवों से आए लोगों को साइबर ठगी से बचाने के उद्देश्य से मानपुर पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने बाजार में लोगों से संपर्क कर ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों को लेकर सतर्क रहने की अपील की।


अभियान के दौरान पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के फोन कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा न करें। बैंक खाता, एटीएम, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड अथवा मोबाइल बैंकिंग से संबंधित ओटीपी, पासवर्ड, पिन और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बैंक या किसी सरकारी संस्था के नाम पर फोन करने वाला व्यक्ति यदि ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी मांगे तो तत्काल सतर्क हो जाएं।
पुलिस टीम ने लोगों को फर्जी कस्टमर केयर नंबर, केवाईसी अपडेट, इनाम-लॉटरी, नौकरी का झांसा, बिजली बिल, मोबाइल सिम बंद होने, बैंक खाता बंद होने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली ठगी के प्रति भी जागरूक किया। साथ ही अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और किसी के कहने पर मोबाइल में स्क्रीन शेयरिंग अथवा रिमोट एक्सेस एप डाउनलोड नहीं करने की सलाह दी गई।
पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं। ऐसे में थोड़ी सी सावधानी बरतकर बड़ी आर्थिक ठगी से बचा जा सकता है। यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो बिना देरी किए इसकी सूचना संबंधित पुलिस थाना अथवा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर देने की अपील की गई।
मानपुर साप्ताहिक बाजार में चलाए गए इस जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को भी साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दें। पुलिस का यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर अपराध के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहब्लेयर है

मानपुर से जिब्राइल खान की रिपोर्ट

Back to top button
error: Content is protected !!