अंबागढ़ चौकी

चिल्हाटी महाविद्यालय में जनभागीदारी समिति की पहली बैठक संपन्न, 16 बिंदुओं पर हुई चर्चा

छात्र हितों को प्राथमिकता, समस्याओं के समाधान के लिए शासन-प्रशासन को भेजा जाएगा प्रस्ताव

चिल्हाटी/ मोहला/मानपुर। शासकीय महाविद्यालय चिल्हाटी में शुक्रवार, 11 सितंबर 2026 को जनभागीदारी समिति की दूसरी बैठक आयोजित की गई। दोपहर 12 बजे शुरू हुई यह बैठक समिति की अध्यक्ष श्रीमती सुशीला गावरे के मार्गदर्शन में हुई।
बैठक में महाविद्यालय के प्राचार्य श्री रावटे, विधायक प्रतिनिधि एवं महाविद्यालय प्रतिनिधि श्री उदय राम साहू सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य और महाविद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।

बैठक में महाविद्यालय की विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई। छात्र-छात्राओं की सुविधाओं, उपलब्ध संसाधनों और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़े कुल 16 बिंदुओं पर विचार-विमर्श हुआ। सभी सदस्यों ने छात्र हित को सर्वोपरि रखते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने पर सहमति जताई।

निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
बैठक के बाद समिति के सदस्यों ने महाविद्यालय परिसर में निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण भी किया। विधायक प्रतिनिधि श्री उदय राम साहू सहित अन्य सदस्यों ने निर्माण कार्यों की प्रगति देखी। इस दौरान निर्माण की गति धीमी पाए जाने पर चिंता व्यक्त की गई। महाविद्यालय स्टाफ ने जानकारी दी कि ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य जनवरी माह तक पूर्ण करने का आश्वासन दिया गया है।

छात्रावास सहित सुविधाओं पर जोर
बैठक में बालक और बालिका छात्रावास सहित छात्र-छात्राओं से जुड़ी अन्य बुनियादी सुविधाओं पर भी विशेष चर्चा हुई। समिति ने निर्णय लिया कि महाविद्यालय की सभी समस्याओं और प्रस्तावित 16 बिंदुओं को आवश्यक कार्रवाई व स्वीकृति के लिए शासन-प्रशासन और संबंधित विभागों को भेजा जाएगा तथा जनप्रतिनिधियों के माध्यम से हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर व्यास नारायण साहू, विनोदत्रिपुरे, हीरालाल साहू सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी और जनभागीदारी समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
मानपुर से जिब्राइल खान की रिपोर्ट

Back to top button
error: Content is protected !!