अम्बागढ़ चौकी में स्थायी एसडीएम की पदस्थापना जरूरीअतिरिक्त प्रभार के चलते तहसील कार्यालय का कामकाज प्रभावित, किसानों व ग्रामीणों को हो रही परेशानी…

अम्बागढ़ चौकी में स्थायी एसडीएम की पदस्थापना जरूरी
अतिरिक्त प्रभार के चलते तहसील कार्यालय का कामकाज प्रभावित, किसानों व ग्रामीणों को हो रही परेशानी
अम्बागढ़ चौकी। मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले में तीन राजस्व अनुविभाग हैं। इनमें अम्बागढ़ चौकी में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) का स्थायी पदस्थापन नहीं होने के कारण मोहला के एसडीएम को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। दोहरी जिम्मेदारी के चलते अम्बागढ़ चौकी क्षेत्र को पर्याप्त समय नहीं मिल पाने से तहसील एवं राजस्व संबंधी कार्यों के लिए किसानों और ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदेश महासचिव किसान कांग्रेस कमेटी रायपुर एवं विधायक प्रतिनिधि, नवीन महाविद्यालय चिल्हाटी ने राज्य सरकार से मांग की है कि अम्बागढ़ चौकी में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की स्थायी पदस्थापना जल्द की जाए। उन्होंने कहा कि इससे राजस्व मामलों के निराकरण में तेजी आएगी और किसानों एवं ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
जमीन के बंटवारे की प्रक्रिया सरल करने की मांग

इसी क्रम में किसान कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव उदय राम साहू ने जमीन के बंटवारे और पुराने राजस्व अभिलेखों से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल बनाने की मांग सरकार से की है।
उन्होंने कहा कि कई किसान परिवारों में जमीन का बंटवारा 10 से 20 वर्ष पहले हो चुका है। वर्तमान में पुराने बंटवारे अथवा राजस्व अभिलेखों से संबंधित किसी प्रक्रिया के लिए परिवार के सदस्यों को दोबारा दस्तावेजी कार्रवाई करनी पड़ती है। खासकर शादी के बाद ससुराल जा चुकी बहन-बेटियों के नाम से जुड़ी प्रक्रिया में परिवारों को अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है।

साहू ने कहा कि कई मामलों में ऐसी प्रक्रिया भाई-बहनों के बीच नोकझोंक और विवाद का कारण बन रही है। किसानों को बार-बार तहसील और अन्य राजस्व कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिससे उनका समय और धन दोनों खर्च होता है।
उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार से मांग की है कि पुराने भूमि बंटवारे और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों के निराकरण के लिए सरल, पारदर्शी और किसान हितैषी व्यवस्था बनाई जाए। साथ ही तहसीलदार, एसडीएम और कलेक्टर स्तर पर ऐसे मामलों के शीघ्र निराकरण के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
किसान नेताओं ने कहा कि राजस्व संबंधी प्रक्रियाओं को सरल बनाने और अम्बागढ़ चौकी में स्थायी एसडीएम की पदस्थापना से किसानों एवं ग्रामीणों को बड़ी राहत मिल सकती है।
मोहला से योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट