खडगांवमानपुर

ग्राम पंचायत खड़ गांव में भुगतान को लेकर उठे सवाल, बिना काम लाखों रूपये भुगतान का आरोप

ग्राम पंचायत खड़गांव में भुगतान को लेकर उठे सवाल, बिना काम लाखों रुपये के भुगतान का आरोप

खड़गांव। ग्राम पंचायत खड़गांव में पंचायत के भुगतान को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। पंचों ने पंचायत में बिना काम किए लाखों रुपये के भुगतान किए जाने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पंचों के अनुसार, पंचायत के भुगतान संबंधी अभिलेखों में कुमारी बाई धुर्वे के खाते में एक ही तारीख को 33-33 हजार रुपये की चार अलग-अलग किस्तों में कुल 1 लाख 32 हजार रुपये का भुगतान दर्ज है। इसके अलावा 34 हजार रुपये का एक और भुगतान किए जाने की बात सामने आई है। इस प्रकार उक्त खाते में कुल 1 लाख 66 हजार रुपये के भुगतान को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

पंचों का कहना है कि संबंधित महिला न तो ठेकेदार हैं और न ही किसी फर्म की संचालक हैं। ऐसे में इतनी बड़ी राशि किस कार्य के एवज में, किस मद से और किन दस्तावेजों के आधार पर भुगतान की गई, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

पंचों ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने भुगतान के संबंध में जानकारी मांगी तो पंचायत की ओर से किसी व्यक्ति विशेष के खाते में भुगतान नहीं किए जाने की बात कही गई। पंचों का सवाल है कि यदि किसी व्यक्ति विशेष को भुगतान नहीं किया गया, तो फिर पंचायत के अभिलेखों में कुमारी बाई धुर्वे के खाते में दर्ज 1.66 लाख रुपये किस कार्य या मद के लिए भुगतान किए गए?

इसी तरह पंचायत के अभिलेखों में आल्हा वेल्डिंग फर्म के नाम से भी लाखों रुपये के भुगतान का मामला सामने आने की बात पंचों ने कही है। पंचों के अनुसार, उक्त फर्म करीब दो वर्षों से बंद है। इसके बावजूद उसके नाम से भुगतान किए जाने का आरोप लगाते हुए पंचों ने पंचायत की भुगतान प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।

पंचों ने आरोप लगाया कि पंचायत में नियमों की अनदेखी कर भुगतान किए जा रहे हैं तथा कई भुगतानों के पीछे वास्तविक कार्य, सामग्री और भुगतान का आधार स्पष्ट नहीं है। हालांकि इन आरोपों की अभी तक कोई आधिकारिक जांच नहीं हुई है, इसलिए मामले की वास्तविक स्थिति निष्पक्ष जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पंचों ने बताया कि वे मामले को लेकर जल्द ही जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपेंगे। उन्होंने पंचायत के भुगतान अभिलेखों, बैंक लेन-देन, संबंधित कार्यों के दस्तावेज, बिल-वाउचर एवं भुगतान की वास्तविकता की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

मानपुर से जिब्राइल खान की रिपोर्ट

Back to top button
error: Content is protected !!