नए पुलिस कप्तान किरण चव्हाण ने कहा, दल्ली राजहरा की यातायात व्यवस्था होगी दुरुस्त, अवैध धंधों पर होगी कड़ी कार्रवाई।

नए पुलिस कप्तान किरण चव्हाण ने कहा, दल्ली राजहरा की यातायात व्यवस्था होगी दुरुस्त, अवैध धंधों पर होगी कड़ी कार्रवाई।
दल्लीराजहरा। :-
जिले के नए पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ठोस कदम उठाएगा।
एसपी किरण चव्हाण से नगर के पत्रकारों ने शिष्टाचार भेंट कर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी। इस दौरान पत्रकारों ने नगर की प्रमुख समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। पत्रकारों ने यातायात अव्यवस्था, मुख्य मार्गों पर अवैध पार्किंग, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों और अवैध धंधों के बढ़ते प्रभाव का मुद्दा उठाया। पत्रकारों की बातों को गंभीरता से सुनने के बाद एसपी किरण चव्हाण ने आश्वस्त किया कि दल्ली राजहरा की यातायात व्यवस्था को जल्द ही दुरुस्त किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि स्कूल समय और बाजार लगने के समय में ट्रैफिक को सुचारू बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही अवैध रूप से सड़क किनारे खड़े वाहनों और अतिक्रमण पर भी कार्रवाई की जाएगी ताकि आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।
एसपी ने कहा कि नगर में संचालित हो रही असामाजिक गतिविधियों, अनैतिक कार्यों और अवैध धंधों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे कार्यों में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।बैठक के दौरान पत्रकारों ने आगामी दिनों में आयोजित किए जाने वाले लर्निंग लाइसेंस शिविर के संबंध में भी जानकारी दी। इस पर एसपी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि यह शिविर नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी होगा।

उन्होंने नगर पुलिस अधीक्षक को शिविर के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और पुलिस विभाग से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। एसपी किरण चव्हाण ने कहा कि बालोद जिले का महत्वपूर्ण नगर होने के कारण दल्ली राजहरा की सुरक्षा और नागरिक सुविधाएं उनकी प्राथमिकता में शामिल हैं। पुलिस आम जनता के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेगी और किसी भी समस्या पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे समाज और पुलिस के बीच सेतु का कार्य करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
एसपी ने पत्रकारों द्वारा रखी गई सभी मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि आने वाले समय में पुलिस और प्रशासन मिलकर दल्ली राजहरा को एक सुरक्षित और व्यवस्थित नगर बनाने की दिशा में काम करेंगे। इस अवसर पर बीरेंद्र भारद्वाज, राघवेंद्र शर्मा,छगन साहू, शेखर गुप्ता, नबी खान, सुमित जैन, संतोष कोसी,राजेश पटेल उपस्थित रहे।