ठेकेदार को लाभ पहुंचाने एनीकट का पानी खाली करने का आरोप

ठेकेदार को लाभ पहुंचाने एनीकट का पानी खाली करने का आरोप
अंबागढ़ चौकी। नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी में शिवनाथ नदी के एनीकट का पानी ठेकेदार के निर्माण कार्य को सुविधा देने के लिए खाली किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि इंटकवेल निर्माण के लिए जलस्तर कम करने के दौरान एनीकट का अधिकांश पानी बहा दिया गया, जिससे फिल्टर वॉल के नीचे तक पानी पहुंच गया और पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।



सूत्रों के अनुसार बिना लिखित आदेश के गेट खोला गया था। गेट बंद करने के दौरान एक गेट क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे पानी का अनियंत्रित बहाव हुआ। जल संकट के बीच बड़ी मात्रा में पानी बहाए जाने को लेकर नागरिकों में नाराजगी है और मामले की जांच की मांग तेज हो गई है।
सिंचाई विभाग के कार्यपालन अभियंता भूपेंद्र बावनठडे ने बताया कि गेट खोलने को लेकर मौखिक चर्चा हुई थी, लिखित अनुमति नहीं ली गई थी। गेट टूटने से पानी खाली हुआ है, जिसकी भरपाई अन्य स्रोतों से की जा रही है तथा मरम्मत के लिए टीम भेजी गई है। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
मोहला से योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट