Newsमोहला-मानपुर

शासकीय प्राथमिक शाला गोटूलमुंडा के हिमांशु और निधि का एकलव्य विद्यालय में चयन

सफलता का चौका: शासकीय प्राथमिक शाला गोटूलमुंडा के हिमांशु और निधि का एकलव्य विद्यालय में चयन; शिक्षक मक्खन लाल साहू की पदस्थापना के बाद 4 बच्चे हुए चयनित
मोहला –
मानपुर विकासखंड के ग्रामीण व वनांचल क्षेत्रों में सरकारी स्कूल के बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में नया इतिहास रच रहे हैं। इसी कड़ी में शासकीय प्राथमिक शाला गोटूलमुंडा के दो होनहार विद्यार्थियों—हिमांशु नेताम (पिता: बलराम नेताम) और निधि नेताम (पिता: सोनसाय नेताम) ने अपनी कड़ी मेहनत के दम पर प्रतिष्ठित आवासीय एकलव्य आदर्श विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में बाजी मारकर अपने माता-पिता, स्कूल और पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
इस सफलता के साथ ही विद्यालय ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। शासकीय प्राथमिक शाला गोटूलमुंडा में सहायक शिक्षक मक्खन लाल साहू की फरवरी 2023 में पदस्थापना के बाद से अब तक कुल 4 बच्चों का चयन एकलव्य विद्यालय के लिए हो चुका है, जो स्कूल के उत्कृष्ट शैक्षणिक स्तर और शिक्षकों की प्रतिबद्धता को साबित करता है।


प्रधानपाठक और सहायक शिक्षक की जुगलबंदी ला रही रंग
ग्रामीण अंचल के बच्चों को इस कठिन प्रतियोगिता परीक्षा के लिए तैयार करना बेहद चुनौतीपूर्ण था। लेकिन विद्यालय के प्रधानपाठक दिनेश कुमार सहारे के कुशल मार्गदर्शन और सहायक शिक्षक मक्खन लाल साहू के विशेष व निरंतर प्रयासों ने इस चुनौती को बड़ी सफलता में बदल दिया। शिक्षक मक्खन लाल साहू की पदस्थापना के बाद से ही स्कूल में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर एक विशेष माहौल तैयार किया गया है, जिसका नतीजा है कि यहाँ के बच्चे लगातार सफलता के झंडे गाड़ रहे हैं। दोनों शिक्षकों ने नियमित कक्षाओं के अलावा अतिरिक्त समय देकर बच्चों को परीक्षा पैटर्न, कठिन विषयों और शॉर्ट-ट्रिक्स का गहन अभ्यास कराया।


क्षेत्र में हर्ष का माहौल, ग्रामीणों ने जताया आभार
हिंमाशु नेताम और निधि नेताम की इस बड़ी कामयाबी से उनके पिताओं—बलराम नेताम, सोनसाय नेताम और पूरे गोटूलमुंडा गांव में उत्सव जैसा माहौल है। ग्रामीणों ने इस शानदार उपलब्धि का श्रेय शिक्षकों की लगन को देते हुए कहा कि प्रधानपाठक दिनेश कुमार सहारे और सहायक शिक्षक मक्खन लाल साहू के समर्पण के कारण ही आज गांव के बच्चों को आगे बढ़ने का इतना बेहतरीन अवसर मिल रहा है।
विकासखंड शिक्षा विभाग, संकुल केंद्र और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी शिक्षकों के इस अनुकरणीय प्रयास की सराहना करते हुए दोनों चयनित बच्चों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं दी हैं।

मानपुर से जिब्राइल खान की रिपोर्ट

Back to top button
error: Content is protected !!