– लकवाग्रस्त पैर के बावजूद अब आत्मविश्वास से चल-फिर रही हैं श्रीमती सुकमा बाई मोहला,

– लकवाग्रस्त पैर के बावजूद अब आत्मविश्वास से चल-फिर रही हैं श्रीमती सुकमा बाई मोहला, 13 जुलाई 2026। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग की संवेदनशील पहल ने ग्राम उरवाही की 70 वर्षीय श्रीमती सुकमा बाई के जीवन में नई उम्मीद और आत्मनिर्भरता का संचार किया है। एक पैर लकवाग्रस्त होने के कारण उन्हें लंबे समय से चलने-फिरने में अत्यधिक कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। बिना किसी सहारे के घर से बाहर निकलना उनके लिए लगभग असंभव हो गया था और दैनिक कार्यों के लिए भी उन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। क्षेत्र भ्रमण के दौरान जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग की संयुक्त टीम उनके घर पहुंची और उनकी स्थिति का अवलोकन किया। टीम ने उनकी आवश्यकता को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी कराई तथा आय एवं निवास प्रमाण पत्र बनवाने में भी सहयोग प्रदान किया। इसके बाद उन्हें घर पर ही छड़ी और वॉकर उपलब्ध कराया गया तथा वॉकर के सुरक्षित और सही उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया गया।





सहायक उपकरण मिलने के बाद श्रीमती सुकमा बाई के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। अब वे छड़ी और वॉकर की सहायता से पहले की तुलना में अधिक सहजता और आत्मविश्वास के साथ चल-फिर पा रही हैं। वे अपने कई दैनिक कार्य स्वयं करने लगी हैं तथा अस्पताल, बाजार और अन्य आवश्यक स्थानों तक भी आसानी से पहुंच पा रही हैं। इससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है और उनका जीवन पहले की अपेक्षा अधिक सरल और सम्मानजनक बन गया है।
श्रीमती सुकमा बाई कहती पहले बिना सहारे घर से बाहर निकलना भी बहुत मुश्किल था। अब वॉकर और छड़ी की मदद से मैं अपने कई काम स्वयं कर लेती हूँ। मुझे फिर से आत्मनिर्भर बनने का हौसला मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की इस संवेदनशील पहल ने उनके जीवन में नई उम्मीद जगाई है और अब वे स्वयं को पहले से अधिक सक्षम एवं आत्मनिर्भर महसूस कर रही हैं।
मानपुर से जिब्राइल खान की रिपोर्ट