क्षति ग्रस्त पुलिया बनी जानलेवा, बाइक सहित गिरने से युवक की मौत

क्षतिग्रस्त पुलिया बनी जानलेवा, बाइक सहित गिरने से युवक की मौत
खड़गांव/मानपुर।
जिले के जक्के क्षेत्र में वर्षों से जर्जर पड़ी पुलिया एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। रविवार शाम कोहका निवासी बृजलाल बोगा खरदी बाजार से लौटते समय पदभर्री-जक्के मार्ग की क्षतिग्रस्त पुलिया में बाइक सहित गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी सोमवार सुबह ग्रामीणों को मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन की लापरवाही को हादसे का कारण बताते हुए कहा कि पुलिया लंबे समय से जर्जर है और यहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिया निर्माण की मांग कई बार उठाई गई, यहां तक कि डीएमएफ बैठक में भी मामला रखा गया था, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने जल्द पुलिया निर्माण और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
मानपुर से जिब्राइल खान की रिपोर्ट