
मोहला में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन समिति की बैठक संपन्न, दुकानदारों को स्वच्छता नियमों के पालन के निर्देश
गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण, डस्टबिन की व्यवस्था और नियमित कचरा संग्रहण पर दिया गया जोर
मोहला। जनपद पंचायत मोहला के सभाकक्ष में गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026 को ब्लॉक स्तरीय ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं निगरानी समिति की बैठक अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मोहला सुभांगी गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के नियमों का पालन सुनिश्चित करने तथा कचरे के व्यवस्थित संग्रहण और उचित निपटान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
दुकानदारों को डस्टबिन रखने के निर्देश
बैठक में दुकानदारों एवं व्यापारियों को अपनी दुकानों में डस्टबिन रखने, आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया गया। साथ ही गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र करने तथा नियमित कचरा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई, ताकि कचरे का उचित निपटान सुनिश्चित किया जा सके।


ग्राम पंचायतों में मजबूत होगी कचरा प्रबंधन व्यवस्था
बैठक में ग्राम पंचायतों में कचरा संग्रहण व्यवस्था को सुदृढ़ करने, ई-रिक्शा की आवश्यकता एवं उपलब्धता की समीक्षा करने तथा सामुदायिक शौचालयों की नियमित साफ-सफाई और समुचित संचालन सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श किया गया। स्वच्छता कार्यों में स्व-सहायता समूहों (एसएचजी), स्वच्छताग्राहियों और ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर भी बल दिया गया।
इसके अलावा स्वच्छता संबंधी कार्यों के लिए आवश्यक प्रशिक्षण, संसाधनों की उपलब्धता और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर चर्चा की गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) तथा ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर (बीपीएम) के सहयोग से स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन से जुड़ी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया गया।
स्वच्छता के लिए सामूहिक सहभागिता जरूरी
बैठक में कहा गया कि स्वच्छता बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें नागरिकों, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्राम पंचायतों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी के सामूहिक प्रयासों से ही मोहला क्षेत्र में स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर वातावरण का निर्माण किया जा सकता है।
ये रहे उपस्थित
बैठक में जनपद पंचायत मोहला के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) प्रतीक प्रधान, सोनू शाय दुर्गा, गेंद कुंवर ठाकुर, सुरैया कुरैशी, योगेन्द्र सिंगने, दिनेश कुमार साहू, डीएम मंडावी, देव नारायण ध्रुव, मधु वैष्णव, जगदीश राम उर्वशा, असवन छेदैया, डॉ. दिनेश ठाकुर, पंकज कुमार मझगारे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मोहला से योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट