कीचड़ में फंसे सांभर को कुल्हाड़ी से मार डाला, पकाते समय वन अमले ने मारा छापा

कीचड़ में फंसे सांभर को कुल्हाड़ी से मार डाला, पकाते समय वन अमले ने मारा छापा
राजनांदगांव/मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। जिले के औंधी क्षेत्र में वन्यजीव शिकार का मामला सामने आया है। दक्षिण मानपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम रेगाटोला में आरोपियों ने कीचड़ में फंसे सांभर को कुल्हाड़ी से मार डाला और उसके मांस को पकाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान वन विभाग की टीम ने दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि सांभर दक्षिण वन परिक्षेत्र के मेडो बुर्जुंग कंपार्टमेंट क्रमांक 1076 के पेड़ से कुछ दूरी पर कीचड़ में फंसा था। आरोपियों ने कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी और मांस घर ले गए। मांस पकाते समय वन विभाग की टीम ने छापा मारकर आरोपियों को पकड़ लिया।


वन विभाग ने आरोपी काजराम (47), मंगरास राम (25) और राहुल (23) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
डीएफओ दिनेश पटेल के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
मानपुर से जिब्राइल खान की रिपोर्ट