राजनांदगांव–डोंगरगांव–चौकी–मोहला–मानपुर मार्ग निर्माण में लापरवाही पर लोगों में आक्रोश, ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की उठी मांग
समाचार
राजनांदगांव–डोंगरगांव–चौकी–मोहला–मानपुर मार्ग निर्माण में लापरवाही पर लोगों में आक्रोश, ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की उठी मांग
मानपुर, 7 जुलाई। राजनांदगांव–डोंगरगांव–चौकी–मोहला–मानपुर सड़क निर्माण कार्य में कथित लापरवाही और धीमी प्रगति को लेकर स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि मानपुर नगर में नाली की खुदाई किए लगभग एक माह बीत चुका है, लेकिन अब तक कार्य पूरा नहीं हो पाया है।
मोहला से योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट

स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माण स्थल पर केवल चार मजदूरों के भरोसे काम चल रहा है, जिससे निर्माण की गति बेहद धीमी है। खुदाई के कारण सड़क पर मिट्टी फैली हुई है, जिससे दुकानदारों का व्यापार प्रभावित हो रहा है। राहगीरों और वाहन चालकों को भी आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नागरिकों का आरोप है कि संबंधित ठेकेदार द्वारा कार्य में गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। लोगों ने यह भी दावा किया कि इसी ठेकेदार ने कोहका–दल्ली मार्ग का निर्माण किया था, जिसकी गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं। उनका कहना है कि निर्माण के एक वर्ष के भीतर ही सड़क की स्थिति खराब होने लगी है, जिससे कार्य की गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लग गया है।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, गुणवत्ता की निष्पक्ष समीक्षा हो तथा यदि अनियमितता या लापरवाही सिद्ध होती है तो संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए उसे ब्लैकलिस्ट किया जाए। साथ ही प्रशासन से निर्माण कार्य में तेजी लाने और आमजन को हो रही परेशानियों का शीघ्र समाधान करने की भी मांग की गई है।