300वर्ष पुराना राजा तालाब उपेक्षा का शिकार, सौंदर्यीकरण व गहरी करण की स्वीकृति का इंतजार

300 वर्ष पुराना राजा तालाब उपेक्षा का शिकार, सौंदर्यीकरण व गहरीकरण की स्वीकृति का इंतजार
मोहला। नगर के मध्य स्थित लगभग 300 वर्ष पुराना ऐतिहासिक राजा तालाब आज उचित रखरखाव के अभाव में अपनी पहचान खोता जा रहा है। तालाब में लगातार बढ़ती गंदगी और कचरे के कारण इसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित साफ-सफाई और संरक्षण के अभाव में यह ऐतिहासिक धरोहर धीरे-धीरे बदहाल होती जा रही है।
जानकारी के अनुसार लगभग चार माह पूर्व राजा तालाब को ग्राम पंचायत मोहला ने अपने अधिकार क्षेत्र में लिया है। इसके बाद तालाब के संरक्षण और विकास की दिशा में पहल करते हुए ग्राम पंचायत द्वारा तालाब के गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, जिसकी स्वीकृति अभी लंबित है।
तालाब के चारों ओर स्थित राजाओं के समय का प्राचीन मठ भी वर्तमान में जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है। ऐतिहासिक महत्व रखने वाला यह मठ संरक्षण के अभाव में क्षतिग्रस्त होता जा रहा है। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि तालाब और मठ का समुचित विकास किया जाए तो यह क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।




राजा तालाब के रखरखाव, गहरीकरण, सौंदर्यीकरण, नियमित साफ-सफाई, मठ के संरक्षण, पर्यटन स्थल के रूप में विकास, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता तथा ग्रामीणों को मिलने वाले निस्तारी लाभों को लेकर समाजसेवी लाल लक्ष्मेन्द्र शाह से विशेष चर्चा की गई।
इस दौरान लाल लक्ष्मेन्द्र शाह ने राजा तालाब के ऐतिहासिक महत्व, वर्तमान स्थिति तथा इसके विकास की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह तालाब मोहला की ऐतिहासिक पहचान है और इसके संरक्षण एवं विकास के लिए सभी संबंधित विभागों तथा जनप्रतिनिधियों को गंभीरता से पहल करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने तालाब को विकसित कर पर्यटन और जनसुविधा के केंद्र के रूप में स्थापित करने पर जोर दिया।
अब स्थानीय नागरिकों की निगाहें शासन स्तर पर लंबित स्वीकृति पर टिकी हैं, ताकि राजा तालाब का गहरीकरण, सौंदर्यीकरण और संरक्षण कार्य शीघ्र प्रारंभ हो सके तथा यह ऐतिहासिक धरोहर पुनः अपने गौरव को प्राप्त कर सके।
फोटो कैप्शन:
राजा तालाब के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण की मांग को लेकर निरीक्षण करते समाजसेवी लाल लक्ष्मेन्द्र शाह एवं ग्रामीण।
ऐतिहासिक राजा तालाब की वर्तमान स्थिति का अवलोकन करते स्थानीय नागरिक।
मोहला से योगेन्द्र सिंगने की विशेष रिपोर्ट