कौडूटोला में गहराया पेयजल संकट, आधा किलोमीटर दूर से ट्रैक्टर में पानी लाने को मजबूर ग्रामीण
मोहला/अंबागढ़ चौकी। विकासखंड अंबागढ़ चौकी के ग्राम कौडूटोला में भीषण पेयजल संकट से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। गांव के लोगों को पीने के पानी के लिए लगभग आधा किलोमीटर दूर से ट्रैक्टर के माध्यम से पानी लाकर अपनी दैनिक जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं। भीषण गर्मी के बीच पेयजल की समस्या ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि जल जीवन मिशन के तहत गांव में पानी की टंकी और अन्य आवश्यक संरचनाओं का निर्माण किया गया है, लेकिन आज तक ग्रामीणों को नियमित जलापूर्ति की सुविधा नहीं मिल पाई है। करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई गई योजना का लाभ आम लोगों तक नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीण नेता उदय राम साहू ने कहा कि पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता की समस्या का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सुशासन और विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर ग्रामीण आज भी पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि गांव में पानी की टंकी तो बना दी गई है, लेकिन उसमें पानी का भराव और वितरण व्यवस्था शुरू नहीं होने से पूरी योजना निष्प्रभावी साबित हो रही है।
उदय राम साहू ने प्रशासन से मांग की है कि कौडूटोला की पेयजल समस्या का तत्काल निराकरण किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि जल जीवन मिशन के तहत निर्मित जल संरचनाओं को जल्द चालू कर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को पानी के लिए भटकना न पड़े।
रिपोर्ट : योगेन्द्र सिंगने, मोहला