
मोहला। जिला मुख्यालय मोहला के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस) ने एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्टता साबित की है। विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा नूपुर सोनी ने वर्ष 2026 की 12वीं बोर्ड परीक्षा में 93.60% अंक अर्जित कर जिले में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। इस शानदार उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में बल्कि पूरे विद्यालय और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
नूपुर सोनी की इस सफलता ने सेजेस मोहला का नाम जिले भर में गौरवान्वित किया है। उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन ने यह सिद्ध कर दिया कि निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि नूपुर पढ़ाई के प्रति शुरू से ही गंभीर रही हैं और उन्होंने नियमित अध्ययन के साथ-साथ शिक्षकों के मार्गदर्शन का पूरा लाभ उठाया।
विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने नूपुर को इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने कहा कि नूपुर की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
परिजनों ने भी नूपुर की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण का यह परिणाम है। उन्होंने बताया कि नूपुर आगे भी उच्च शिक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर अपने क्षेत्र और परिवार का नाम रोशन करना चाहती हैं।
मोहला क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी नूपुर सोनी को बधाई देते हुए इसे पूरे जिले के लिए गर्व का विषय बताया है।
मोहला से योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट