News

सहकारी समितियों के शुभारंभ में विधायक को नहीं मिला आमंत्रण

सहकारी समितियों के शुभारंभ में विधायक को नहीं मिला आमंत्रण,उपेक्षा से आहत कांग्रेसियों ने जताया कड़ा विरोध, चुने हुए जनप्रतिनिधियों की कर रहे अनदेखी

मोहला: जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी में दिनांक 15 अप्रैल को नवीन सोसायटी सहकारी समितियों का शुभारंभ किया गया जिसमें जिले के तीन विकासखंड अंतर्गत चौकी में गौलीटोला, आड़ेझर, दाऊटोला, अरजकुंड, चिखली, रेंगाकठेरा, कोरचाटोला एवं मुड़पार इसी प्रकार मोहला विकासखंड में कनेरी, वासड़ी, माडिंगपीड़िंग, पुत्तरगोंदी कला, आलकन्हार, कुम्हली तथा मानपुर विकासखंड के टोहे, भावसा, दिघवाडी, सरखेड़ा तथा कंदाड़ी में नवीन सहकारी समिति का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के वर्चुअल जुड़ने के साथ हुआ। नवीन समिति के शुरुवात से निश्चित ही किसानों को खाद बीज एवं धान उपार्जन हेतु सरलता होगी। वहीं मानपुर विकासखंड में नवीन समितियों के शुभारंभ में कांग्रेस समर्थित जनप्रतिनिधियों को नहीं बुलाए जाने को लेकर कांग्रेसियों में काफी रोष दिखा। उपेक्षा से आहत कांग्रेसियों ने अनदेखी का आरोप लगाकर मंचों में विरोध भी दर्ज कराया।

दिघवाड़ी में बैठी रही जनपद अध्यक्ष, भाजपा नेत्री रही मुख्य अतिथि
नवीन सेवा सहकारी समिति दिघवाड़ी में भी समिति का शुभारंभ किया गया जहां क्षेत्र की जनपद सदस्य एवं जनपद अध्यक्ष पुष्पा मंडावी उपस्थित रही परन्तु एक चुनी हुई जनप्रतिनिधि के जगह भाजपा संगठन की नेत्री संगीता मिश्रा को मुख्य अतिथि के रूप में स्थान देकर निर्वाचित जनप्रतिनिधि का अपमान किया गया। उसी प्रकार विधायक इंद्रशाह मंडावी को भी कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया गया था।

टोहे में कांग्रेसियों ने प्रबंधक को घेरा, सहकारिता सभापति को भी नहीं दिए आमंत्रण
इसी प्रकार मानपुर के नवीन समिति टोहे में भी विधायक, जिला पंचायत सदस्य सुशीला भंडारी को एवं क्षेत्रीय जनपद सदस्य कांता ठाकुर को भी आमंत्रित नहीं किया गया था जिससे नाराज कांग्रेसियों ने कार्यक्रम स्थल में ही शाखा प्रबंधक से सवाल जवाब किया। वही जनपद पंचायत के सहकारिता विभाग के सभापति पुष्पा आतराम को भी शुभारंभ कार्यक्रम के लिए आमंत्रण नहीं देना, जिले में सहकारिता विभाग के अड़ियल रवैया को दर्शाता है। वहीं गाहे बगाहे ये भी चर्चा है कि भाजपा ने ही कांग्रेस समर्थित जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रम में नहीं बुलाने जैसे फरमान दिए थे। चुने हुए जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित नहीं करने पर विधायक प्रतिनिधि ऋषभ ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य सुशीला भंडारी, उपेंद्र मिश्रा, आबिद खान, त्रिवेंद्रशाह मंडावी, सागर सिन्हा, राजू पोटाई, करण बोगा, अजीज खान, रोहित पूरामें ने विरोध जताया। वहीं भावसा नवीन सोसायटी में जनपद उपाध्यक्ष देवानंद कौशिक ने कांग्रेस समर्थित जनप्रतिनिधियों को आमंत्रण नहीं दिए जाने को लेकर समिति प्रबंधक को आड़े हाथों लिया।

भाजपा की प्रभारी सूची में ये रहे शामिल
वहीं भाजपा ने नवीन समितियों के शुभारंभ समारोह में बाकायदा प्रभारी के रूप में संगठन के पदाधिकारियों का सूची जारी किया था। आखिर वही सूची को सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने फाइनल सूची साबित कर दिया। जिसमें भावसा समिति में तुका राम सहारे, प्रवीण मंडावी, टोहे समिति से रेणु टांडिया, राधिका अंधारे, सीतागांव समिति भोजेश शाह, राजहंस मंडावी, सरखेड़ा समिति जटाशंकर मिश्रा, कांति तारम, कंदाड़ी समिति मंगतू राम कोमरे, आदिल खान शामिल रहें।

शासकीय कार्यक्रम में चुने हुए जनप्रतिनिधियों को नहीं बुलाया जाना शर्मनाक है। उच्च स्तर पर इसकी शिकायत किया जाएगा। कई समितियां कांग्रेस शासनकाल में शुरू हुई है जिनका भी श्रेय भाजपा लेना चाहती है। वहीं किसान विरोधी भाजपा सरकार ने नए सोसायटी शुभारंभ करने में 17 साल लगा दिए है।

इंद्रशाह मंडावी
विधायक मोहला-मानपुर

चुन हुए जनप्रतिनिधियों को आमंत्रण देने में कहीं चूक हुई है तो उसके लिए खेद प्रकट करता हूं। निकट भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति नहीं होगी।

पी.आर.जुरेशीया
शाखा प्रबंधक
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मानपुर

*मानपुर से जिब्राइल खान की रिपोर्ट

Back to top button
error: Content is protected !!