ग्राम खड़ गांव मे अवैध सट्टा संचालन का आरोप, प्रशासन से कार्यवाही की मांग।

ग्राम खड़गांव में अवैध सट्टा संचालन का आरोप, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी (छत्तीसगढ़)।
भारतीय जनता पार्टी के मंडल महामंत्री श्री बिट्टू गुप्ता ने ग्राम पंचायत खड़गांव में अवैध सट्टा संचालन का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि भटगांव, खड़गांव निवासी श्री इंदल देवांगन द्वारा कथित रूप से अवैध सट्टा-पट्टी का संचालन किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को आर्थिक नुकसान हो रहा है।
श्री गुप्ता ने कहा कि जब से छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है, तब से अवैध कारोबारों पर अंकुश लगाया जा रहा है। इसके बावजूद कुछ लोग प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग कर अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जब उन्होंने इस अवैध कार्य का विरोध किया, तो उन्हें मारपीट की धमकी दी गई तथा यह कहा गया कि “शासन-प्रशासन हमारे साथ है।” इस घटना से आहत होकर उन्होंने मीडिया के माध्यम से अपनी बात सार्वजनिक की और अपने जान-माल की सुरक्षा की चिंता व्यक्त की।
श्री गुप्ता ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि अवैध सट्टा संचालन पर तत्काल रोक लगाई जाए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं आबकारी विभाग से भी संपर्क किया है, जहां से उचित कार्रवाई का आश्वासन मिला है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही कार्रवाई नहीं की गई, तो जनहित में उग्र आंदोलन एवं चक्का जाम किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

जारीकर्ता:
बिट्टू गुप्ता
मंडल महामंत्री
भारतीय जनता पार्टी, खड़गांव
मोहला से योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट