
जनभागीदारी से नशा मुक्ति अभियान चलाने के निर्देश – कलेक्टर*
मोहला, 10 फरवरी 2026।
जिला कार्यालय में कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति की अध्यक्षता में कानून व्यवस्था एवं एनकॉर्ड की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री पर सख्ती के निर्देश देते हुए मेडिकल स्टोरों के नियमित निरीक्षण एवं दोषियों पर कठोर कार्रवाई के आदेश दिए। नशा मुक्ति अभियान को जन आंदोलन बनाने पर जोर देते हुए ग्राम पंचायत, स्कूल व कॉलेज स्तर पर जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने स्कूलों, छात्रावासों में आकस्मिक निरीक्षण, मिलावटी व अवैध शराब पर नियंत्रण तथा नशा मुक्ति केंद्रों की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए।


कानून व्यवस्था के तहत सभा-रैली के लिए पूर्व अनुमति अनिवार्य की गई है। बोर्ड परीक्षा अवधि में छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए रात्रि 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कानून व्यवस्था, सामाजिक शांति एवं नशा मुक्त वातावरण सुनिश्चित करने की अपील की।
मोहला से योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट