मोहला
स्वामी आत्मानंद विद्यालय की छात्रा नूपुर सोनी ने रचा इतिहास, 12वीं बोर्ड में 93.60% के साथ जिले में द्वितीय स्थान
मोहला–मानपुर–अंबागढ़ चौकी जिले के लिए गर्व का क्षण उस समय आया, जब स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, मोहला की मेधावी छात्रा नूपुर सोनी ने वर्ष 2026 की 12वीं बोर्ड परीक्षा में 93.60 प्रतिशत अंक अर्जित कर जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे विद्यालय और क्षेत्र को गौरवान्वित कर दिया है।
नूपुर की इस सफलता से मोहला क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।

मोहला से योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट
विद्यालय परिवार, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए इसे जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। सभी ने नूपुर के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
मीडिया से बातचीत करते हुए नूपुर सोनी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा कि नियमित पढ़ाई, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उन्हें यह मुकाम हासिल करने में मदद की। नूपुर ने बताया कि उनका पसंदीदा विषय रसायन शास्त्र (केमिस्ट्री) है और वे इसी विषय में आगे पीएचडी करना चाहती हैं।
अपने भविष्य के लक्ष्य को साझा करते हुए नूपुर ने कहा कि वह सिविल सर्विस में जाकर देश और समाज की सेवा करना चाहती हैं। उनका यह सपना न केवल उनकी मेहनत और लगन को दर्शाता है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।
विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने नूपुर की इस उपलब्धि को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि यह सफलता अन्य छात्रों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
नूपुर सोनी की यह उपलब्धि यह साबित करती है कि मेहनत, समर्पण और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
*मोहला से योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट*