मानपुर ग्राम पंचायत में सचिव के खिलाफ वार्ड पंचो का सामुहिक ब्यान, जांच शुरू

मानपुर ग्राम पंचायत में सचिव के खिलाफ वार्ड पंचों का सामूहिक बयान, जांच शुरू
मोहला। ग्राम पंचायत मानपुर में पंचायत सचिव को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। पंचायत के वार्ड पंचों द्वारा सचिव को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग को लेकर दिए गए लिखित आवेदन के बाद अब मामला जांच के दायरे में आ गया है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 25 फरवरी 2026 को ग्राम पंचायत मानपुर के कुल 13 वार्ड पंचों ने सामूहिक रूप से हस्ताक्षर कर जिला पंचायत सीईओ को आवेदन सौंपा था, जिसमें सचिव को हटाने की मांग की गई थी। इस आवेदन को गंभीरता से लेते हुए जनपद पंचायत मानपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) ने जांच के लिए टीम गठित कर दी है और जांच प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

इसी क्रम में, 13 अप्रैल 2026 को वार्ड पंचों ने जांच अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर अपना सामूहिक बयान भी दर्ज कराया है। फिलहाल जांच अधिकारी द्वारा प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किया गया है, जिससे अंतिम निर्णय लंबित है।
वहीं, ग्राम पंचायत मानपुर के ग्रामीणों से जब सचिव की कार्यशैली को लेकर बातचीत की गई, तो अधिकांश लोगों ने खुलकर बोलने से परहेज किया, लेकिन दबी जुबान में कार्यशैली पर असंतोष जताया। इससे पंचायत स्तर पर आंतरिक असहमति और नाराजगी का माहौल स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।
अब सभी की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं। जांच अधिकारी द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले प्रतिवेदन के आधार पर ही आगे की प्रशासनिक कार्यवाही तय की जाएगी। ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि वार्ड पंचों की शिकायत पर क्या निर्णय लिया जाता है।
मोहला से योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट