भाजपा नेता जयदीप गुप्ता की मांग पर बालोद जिले में शुरू हुई 112 पुलिस आपातकालीन सेवा

भाजपा नेता जयदीप गुप्ता की मांग पर बालोद जिले में शुरू हुई 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, श्री विष्णु देव साय जी, श्री विजय शर्मा जी, श्री तुलशी कौशिक जी का जताया आभार
बालोद।
जिला बालोद में 112 पुलिस आपातकालीन सेवा शुरू होने पर भाजपा नेता जयदीप गुप्ता ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी, उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा जी तथा मुख्यमंत्री के निजी सचिव तुलसी कौशिक जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से बालोद जिले में 112 पुलिस आपातकालीन सेवा की मांग की जा रही थी, जिसे शासन द्वारा गंभीरता से लेते हुए अब जिले में शुरू कर दिया गया है।
ज्ञात हो कि भाजपा नेता जयदीप गुप्ता द्वारा जिला बालोद में 112 पुलिस आपातकालीन सेवा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया था। मुख्यमंत्री के निजी सचिव तुलसी कौशिक को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया था कि बालोद जिले में 112 सेवा का वाहन उपलब्ध नहीं होने के कारण आम नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर पुलिस सहायता प्राप्त करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस मांग को लेकर विभिन्न समाचार पत्रों में भी प्रमुखता से समाचार प्रकाशित हुए थे।

जयदीप गुप्ता ने कहा कि छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में 112 पुलिस आपातकालीन सेवा पहले से संचालित हो रही थी, जिससे दुर्घटना, विवाद, अपराध अथवा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त हो जाती थी। लेकिन बालोद जिले में इस सुविधा के अभाव के कारण लोगों को कई बार गंभीर परिस्थितियों में परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि अब जिले में 112 पुलिस सेवा शुरू होने से आम जनता को त्वरित एवं बेहतर पुलिस सहायता मिल सकेगी। खासकर सड़क दुर्घटना, महिलाओं की सुरक्षा, आपराधिक घटनाओं तथा अन्य आपात स्थितियों में लोगों को तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध हो पाएगी, जिससे जिले की कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
भाजपा नेता जयदीप गुप्ता ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, गृहमंत्री विजय शर्मा एवं मुख्यमंत्री के निजी सचिव तुलसी कौशिक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार लगातार जनहित एवं जनता की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बालोद जिले की लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने से जिलेवासियों में खुशी का माहौल है तथा आम नागरिकों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।