प्रभारी अधीक्षका गायब

प्रभारी अधीक्षका गायब
मानपुर के नवागांव प्री कन्या छात्रावास की अधीक्षक आज रविवार को बिना किसी सूचना के अचानक ड्यूटी से नदारद हो गईं।
अधीक्षक के गायब रहने से शाम को हॉस्टल में खाना नहीं बना, जिससे अव्यवस्था और डर के साए में दर्ज 40 में से 38 बच्चियां अपने-अपने घर लौट गईं और मौके पर सिर्फ 2 बच्चियां ही बची हैं।

कल सोमवार को छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव का मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी जिले के मानपुर में दौरा होना है, और उनके आगमन से ठीक एक दिन पहले शासकीय छात्रावास की इस बदहाली ने पूरे प्रशासनिक दावों की पोल खोल दी है।
मासूम बच्चियों की सुरक्षा और भोजन की व्यवस्था से हुए इस बड़े खिलवाड़ को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों ने बच्चों के भविष्य से लापरवाही बरतने वाली हॉस्टल अधीक्षक पर तत्काल सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई और निलंबन की मांग उठाई है।
मानपुर से जिब्राइल खान की रिपोर्ट