Newsमोहला-मानपुर

पटवारी और राजस्व निरीक्षकों की कमी से जूझ रहा वनांचल जिला मोहला मानपुर अम्बागढ़चौकी

पटवारी और राजस्व निरीक्षकों की कमी से जूझ रहा वनांचल जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी

मोहला। कृषि प्रधान वनांचल जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में पटवारियों एवं राजस्व निरीक्षकों (आरआई) के बड़ी संख्या में पद रिक्त होने से राजस्व व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसका सीधा असर किसानों और आम नागरिकों पर पड़ रहा है। नामांतरण, बंटवारा, फौती, सीमांकन, जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र सहित अन्य राजस्व प्रकरणों के निराकरण में विलंब हो रहा है।

जिले में मोहला, मानपुर, अंबागढ़ चौकी, खड़गांव और औंधी सहित कुल पांच तहसीलें हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार अधिकांश तहसीलों में स्वीकृत पदों की तुलना में कार्यरत कर्मचारियों की संख्या काफी कम है
जिला पटवारी संघ के अध्यक्ष लखनलाल शोर ने बताया कि जिले में पटवारियों और राजस्व निरीक्षकों की कमी के कारण राजस्व कार्यों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। एक-एक पटवारी को एक से अधिक हल्कों का प्रभार संभालना पड़ रहा है। वहीं कई स्थानों पर राजस्व निरीक्षक (आरआई) के रिक्त सर्किलों का अतिरिक्त प्रभार भी पटवारियों को दिया गया है, जिससे उन पर कार्य का अत्यधिक बोझ पड़ रहा है।


उन्होंने कहा कि राजस्व एवं भू-अभिलेख संबंधी मूल कार्यों के अलावा समय-समय पर अन्य विभागों की जिम्मेदारियां भी पटवारियों को सौंपी जाती हैं। शासन की विभिन्न योजनाओं के कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे करने का दबाव रहता है, जबकि अतिरिक्त हल्कों का काम भी उसी अवधि में करना पड़ता है। इससे कार्यक्षमता प्रभावित हो रही है और कर्मचारियों के स्वास्थ्य तथा पारिवारिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
पटवारी संघ ने शासन से जिले में पटवारी एवं राजस्व निरीक्षकों के रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति करने की मांग की है। संघ का कहना है कि पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध होने से राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण होगा और किसानों तथा आम नागरिकों को राहत मिलेगी।

मोहला से योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट

Back to top button
error: Content is protected !!