दुर्घटना के बाद फरार ट्रक चालक गिरफ्तार.. पुलिस जवानों को कुचलने का भी किया था प्रयास
दुर्घटना के बाद फरार ट्रक चालक गिरफ्तार, पुलिस जवानों को कुचलने का भी किया था प्रयास
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। ग्राम गुण्डरदेही में 11 वर्षीय बालिका पुनम खवास की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद फरार ट्रक चालक को तीन थानों की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी चालक ने नाकाबंदी तोड़ते हुए अंबागढ़ चौकी, मोहला और मानपुर में पुलिस जवानों को ट्रक से कुचलने का प्रयास किया तथा शासकीय स्टॉपर भी क्षतिग्रस्त कर दिए।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवेंद्र सिंह (33 वर्ष), निवासी ललितपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। जांच में चालक के शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि होने पर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के साथ बीएनएस की धारा 105 एवं मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 भी जोड़ी गई है।
पुलिस ने सड़क दुर्घटना, पुलिस पर जानलेवा हमला, शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की विवेचना जारी है तथा वाहन स्वामी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
मानपुर से जिब्राइल खान की रिपोर्ट