जिला पंचायत सीईओ का स्थानांतरण, विधायक इन्द्रशाह मंडावी के आरोपों के बाद हुई कार्यवाही

जिला पंचायत सीईओ का स्थानांतरण, विधायक इंद्रशाह मंडावी के आरोपों के बाद हुई कार्रवाई
मोहला: जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) का स्थानांतरण कर उन्हें लूप लाइन में पदस्थ किया गया है। इससे पहले विधायक इंद्रशाह मंडावी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीईओ पर गंभीर आरोप लगाए थे।
विधायक का आरोप था कि सीईओ के कार्यकाल में जिले में ठेकेदारी तंत्र को बढ़ावा मिला और प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हुई। उन्होंने इन परिस्थितियों के लिए जिले के प्रशासनिक तंत्र को भी जिम्मेदार ठहराया था।


वहीं, जिले भर के सरपंच संघ ने भी सीईओ के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए उनके खिलाफ हड़ताल का रुख अपनाया था। सरपंच संघ का आरोप था कि सीईओ जनप्रतिनिधियों और सरपंचों के काम को देरी से करती रही। कयास लगाए जा रहे है कि सरपंच संघ के विरोध एवं क्षेत्रीय विधायक के आरोपों के बीच सीईओ का स्थानांतरण किया गया है।
लंबे दिनों से जिले भर के निर्वाचित सरपंच, संघ के माध्यम से जिला पंचायत, कलेक्ट्रेट एवं जनपद सीईओ के कार्यप्रणाली के विरोध में धरना दे रहे थे। शुरुवात तब हुआ जब जिले के सरपंच, जिला पंचायत सीईओ से अपनी मांगो को लेकर मुलाकात करने गए थे तब सीईओ के द्वारा सरपंचों के मांगो को नजरअंदाज करते हुए उन्हें अपमानित किया गया तथा उनसे दुर्व्यवहार किया गया, सरपंचों को पंचायत की फाइल जांच कराने की धमकी भी दिया गया था। तत्पश्चात सरपंच ने कलेक्टर कार्यालय का रुख किया जहां कलेक्टर ने मुलाकात का मौका ही नहीं दिया था तब सरपंचों ने 24 जून के अनिवार्य ग्राम सभा का बहिष्कार कर दिया था वहीं तब से लगातार जिला मुख्यालय में धरना दे रह थे। जिला पंचायत के सीईओ भारती चंद्राकर का स्थानांतरण अतिरिक्त प्रबंध संचालक मार्कफेड नवा रायपुर अटल नगर किया गया है वहीं बलौदाबाजार के अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता जिला पंचायत मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी के नए मुख्य कार्यपालन अधिकारी होंगे।
हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि या जांच के निष्कर्ष सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं। स्थानांतरण के पीछे सरकार की ओर से क्या आधिकारिक कारण बताए गए हैं, इस पर संबंधित आदेश और बयान का इंतजार है।
मोहला से योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट