आकाशीय बिजली की चपेट में 12वर्षीय बालक की मौत

आकाशीय बिजली की चपेट में आया 12 वर्षीय बालक मौत
मानपुर——– ग्राम दोरबा में शुक्रवार शाम आकाशीय बिजली गिरने की दर्दनाक घटना में एक 12 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतक होनहार छात्र चंद्रदेव अपने माता-पिता के तीन बच्चों में सबसे छोटा था और पिता स्थानीय माइंस में श्रमिक के रूप में कार्यरत हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5 बजे क्षेत्र में तेज हवा, आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के साथ मौसम अचानक खराब हो गया। इसी दौरान दोरबा निवासी चंद्रदेव (पिता- ज्ञानुलाल) अपने घर की बाड़ी के पास मौजूद था। घर पास में आम के पेड़ पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन तत्काल निजी वाहन से उपचार के लिए शहीद अस्पताल, दल्ली राजहरा लेकर रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। शनिवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
खड़गांव थाना प्रभारी गणेश यादव ने बताया कि जानकारी के अनुसार छात्र की मौत आकाशीय बिजली गिरने से होना प्रतीत हो रहा है। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए दल्ली राजहरा ले जाया गया था, इसलिए मामले में जीरो पर मर्ग कायम किया गया है। संबंधित दस्तावेज प्राप्त होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों के अनुसार चंद्रदेव गांव का होनहार, मिलनसार और पढ़ाई में रुचि रखने वाला छात्र था। वह गांव के मिडिल स्कूल में कक्षा छठवीं में अध्ययनरत था। तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा होने के कारण वह परिवार का बेहद लाड़ला था। उसके असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। स्कूल के शिक्षकों, सहपाठियों और ग्रामीणों ने छात्र के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।
मानपुर से जिब्राइल खान की रिपोर्ट