News
अंबागढ़ चौकी क्षेत्र में एसडीएम कार्यालय, जिला सहकारी बैंक और स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं के समाधान की उठाई आवाजमोहला। प्रदेश महासचिव किसान कांग्रेस कमेटी रायपुर छत्तीसगढ़ एवं प्रदेश साहू संघ किसान प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने क्षेत्र के किसानों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर 22 अक्टूबर 2026 को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों को एग्रीस्टेक पंजीयन, राजस्व संबंधी कार्यों, जिला सहकारी बैंक की सुविधाओं तथा स्मार्ट मीटर से संबंधित परेशानियों से राहत दिलाने की मांग की गई है।ज्ञापन में बताया गया कि एग्रीस्टेक पंजीयन के दौरान किसानों को भूमि रिकॉर्ड और पुराने बंटवारे से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कई मामलों में पूर्व में हुए नामांतरण एवं बंटवारे के कारण वर्तमान रिकॉर्ड में विसंगतियां सामने आ रही हैं। इससे किसानों को पंजीयन कराने में परेशानी हो रही है। इन समस्याओं का सरलीकरण कर किसानों को राहत देने की मांग की गई है।तीन प्रमुख मांगें रखीं


- अंबागढ़ चौकी तहसील में एसडीएम की नियुक्ति: ज्ञापन में अंबागढ़ चौकी तहसील कार्यालय में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की पदस्थापना की मांग की गई है। क्षेत्र के लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ती है। किसानों और आम नागरिकों की सुविधा के लिए जल्द एसडीएम की नियुक्ति करने की मांग की गई है।
- चिल्हाटी में जिला सहकारी बैंक की मांग: अंबागढ़ चौकी ब्लॉक के ग्राम चिल्हाटी में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई है। ज्ञापन के अनुसार, क्षेत्र के किसानों को बैंकिंग एवं भुगतान संबंधी कार्यों के लिए दूर जाना पड़ता है। चोरबाटोला, टाटेकसा और मुड़पार जैसे गांवों से बैंक की दूरी लगभग 25 से 40 किलोमीटर होने के कारण किसानों को आने-जाने में कठिनाई होती है। भुगतान के लिए लंबी कतारों में लगने और देर शाम तक घर लौटने की समस्या का भी उल्लेख किया गया है। ग्रामीणों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चिल्हाटी में बैंक सुविधा शुरू करने की मांग की गई है।
- स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाने की मांग: ज्ञापन में स्मार्ट मीटर के स्थान पर पुराने बिजली मीटर लगाए जाने तथा घरेलू बिजली बिलों में राहत देने की मांग की गई है। इसमें आरोप लगाया गया है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल बढ़ गए हैं। किसानों और घरेलू उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ कम करने के लिए इस समस्या का समाधान करने की मांग की गई है।
ज्ञापन के माध्यम से संबंधित अधिकारियों से किसानों और आम नागरिकों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निराकरण करने का आग्रह किया गया है।माग पत्र देने के लिए श्री उदय राम साहू प्रदेश महासचिव किसान कांग्रेस कमेटी रायपुर छत्तीसगढ़ एवं विधायक प्रतिनिधि शासकीय नविन महाविद्यालय चिल्हाटी, श्री मुकेश सिन्हा जी अधयक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अं चौकी, जनपद सदस्य एवं प्रतिनिधि श्री ललित कोसरे जी विकास लाउत्रे जी मडलं अधयक्ष आदि सभी ने अपने क्षेत्र के विकास एवं निर्माण कार्य हेतु चर्चा व मागं पत्र दिया गया है



मोहला से योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट