पुलिस स्मृति दिवस पर मोहला में 154शहीद जवानों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

पुलिस स्मृति दिवस पर मोहला में 154 शहीद जवानों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
शहीद परेड के साथ दी गई सलामी, अधिकारियों ने शहीद जवानों के परिजनों से की मुलाकात
मोहला, 21 अक्टूबर 2026। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर रक्षित केंद्र मोहला स्थित अमर जवान शहीद स्मारक ग्राउंड में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान देशभर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए 154 वीर पुलिस जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री वाय.पी. सिंह ने शहीद जवानों के नामों का वाचन किया। पुलिस जवानों ने शोक शस्त्र के साथ शहीद परेड कर सलामी दी तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मौन धारण कर वीर शहीदों को नमन किया।








कार्यक्रम में जिला कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिकों ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर शहीद जवानों के अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद किया गया।
समारोह के पश्चात एसएसपी श्री वाय.पी. सिंह और कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम सहित अधिकारियों ने शहीद जवानों के परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में चर्चा की।
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी पुलिस ने अमर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों और कर्तव्यनिष्ठा को आत्मसात करने का संकल्प लिया व विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
मानपुर से जिब्राइल खान की रिपोर्ट