दिन दहाड़े अपहरण की घटना से बढ़ी चिंता
दिन दहाड़े अपहरण की घटना से बढ़ी चिंता
यादव समाज ने पद्मश्री फुलबासन यादव से की मुलाकात
सामाजिक कार्यकर्ताओं की सुरक्षा को लेकर जताई गंभीर चिंता, हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, 08 मई 2026।
हाल ही में चर्चित समाजसेवी एवं पद्मश्री सम्मान से सम्मानित फुलबासन यादव के साथ हुई कथित किडनैपिंग के प्रयास एवं अपहरण की घटना ने पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। दिन दहाड़े हुई इस घटना को लेकर कोसरिया यादव समाज के प्रतिनिधिमंडल ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए फुलबासन यादव से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उनकी सुरक्षा को लेकर चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि समाज सेवा के क्षेत्र में वर्षों से सक्रिय फुलबासन यादव गरीब, जरूरतमंद एवं महिलाओं के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। ऐसे में उनके साथ हुई इस प्रकार की घटना न केवल दुखद है, बल्कि समाज में असुरक्षा की भावना को भी बढ़ाने वाली है। समाज के लोगों ने इस घटना की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग भी की।
मुलाकात के दौरान यादव समाज के पदाधिकारियों ने फुलबासन यादव के साहस, धैर्य एवं सुरक्षित होने पर संतोष व्यक्त किया तथा कहा कि पूरा यादव समाज उनके साथ मजबूती से खड़ा है। प्रतिनिधिमंडल ने उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए भविष्य में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री रामाधार यादव, जिला उपाध्यक्ष श्री विष्णु यादव, कोषाध्यक्ष बी.आर. यादव, जिला महामंत्री श्री ओमप्रकाश यादव, सर्किल अध्यक्ष श्री थानूराम यादव, संरक्षक टेटळूराम भैसा, सर्किल अध्यक्ष श्री नीलकंठ यादव (गोटाटोला), सर्किल सचिव श्री खेमचंद यादव सहित अजय यादव, मराखन यादव, सूर्यभान यादव, मथुरा यादव, बेदराम यादव, चंद्रहास यादव, देवसिंग यादव, आरती यादव एवं अन्य समाजजन उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि फुलबासन यादव द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी हैं और यादव समाज उनके हर सामाजिक अभियान में अपना सहयोग निरंतर देता रहेगा। समाज के लोगों ने प्रशासन से मांग की कि समाजसेवियों एवं जनहित में कार्य करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए ताकि वे निर्भय होकर समाज सेवा का कार्य कर सकें।
मानपुर से जिब्राइल खान की रिपोर्ट