जिला विकास की प्राथमिकताओं और योजनाओं को लेकर कलेक्टर तनूजा सलाम ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस

जिला विकास की प्राथमिकताओं और योजनाओं को लेकर कलेक्टर तनुजा सलाम ने की प्रेस कांफ्रेंस
मोहला। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आज कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम की अध्यक्षता में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस कांफ्रेंस में कलेक्टर ने मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के समग्र विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताओं, आगामी कार्ययोजनाओं तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने कहा कि जिले के विकास के लिए शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकता है। उन्होंने जिले की भौगोलिक एवं ग्रामीण परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, कृषि, रोजगार, महिला एवं बाल विकास, आदिवासी कल्याण तथा मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जिले के दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों तक शासन की योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।


उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने, स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष जोर देने की बात कही। इसी तरह स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने को भी महत्वपूर्ण प्राथमिकता बताया।
कलेक्टर ने जिले में रोजगार के अवसर बढ़ाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने तथा शासन की स्वरोजगार एवं आजीविका से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय संसाधनों और उपलब्ध संभावनाओं के आधार पर रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं।
उन्होंने सड़क, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास को लेकर भी प्रशासन की कार्ययोजना साझा की। कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के साथ किया जाएगा तथा जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से प्राप्त सुझावों को भी विकास कार्यों में शामिल किया जाएगा।
प्रेस कांफ्रेंस में जिले में चल रही विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी देते हुए कलेक्टर ने मीडिया से भी सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि मीडिया शासन की योजनाओं और प्रशासन की गतिविधियों को आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जनसमस्याओं को प्रशासन के संज्ञान में लाकर उनके निराकरण में भी मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है।
कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने कहा कि मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले को विकास की दिशा में आगे ले जाने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने, योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा आम नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी तथा जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पत्रकारों ने जिले के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर कलेक्टर से चर्चा की और आवश्यक सुझाव भी दिए।
*मानपुर से जिब्राइल खान की रिपोर्ट*