रक्षित केन्द्र में शस्त्र पूजा के दौरान कथित हर्ष फायरिंग, पर विधायक इन्द्र शाह मंडावी ने निष्पक्ष जाँच की मांग को लेकर लिखा पत्र

रक्षित केंद्र में शस्त्र पूजा के दौरान कथित हर्ष फायरिंग, निष्पक्ष जांच की विधायक इन्द्र शाह मंडावी की मांग
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। जिले के रक्षित केंद्र में विजयादशमी पर आयोजित शस्त्र पूजा के दौरान कथित हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के पुत्र द्वारा हथियार चलाए जाने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को शिकायत भेजकर निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायत में वायरल वीडियो की प्रामाणिकता, घटना की परिस्थितियों और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच कराने का आग्रह किया गया है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि और घटना से जुड़ी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
शिकायतकर्ता ने शस्त्र के प्रकार, स्वामित्व, उपयोग की वैधता, आवश्यक अनुमति तथा शस्त्र अधिनियम और विभागीय सुरक्षा नियमों के पालन की जांच की मांग की है। साथ ही, घटना के समय एसएसपी की जानकारी, अनुमति या उपस्थिति, रक्षित केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था और उपस्थित लोगों की सुरक्षा का भी आकलन करने को कहा गया है।
वायरल वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच के साथ स्वतंत्र अधिकारी या एजेंसी से जांच कराने की मांग की गई है, ताकि किसी को पद या प्रभाव के आधार पर संरक्षण न मिले। शिकायत में दोष सिद्ध होने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई और भविष्य में ऐसे आयोजनों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
शिकायत की प्रतिलिपि गृह मंत्री विजय शर्मा, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम और राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव को भी भेजी गई है।
बहरहालआरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
मोहला से योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट