अंबागढ़ चौकीछत्तीसगढ़

चिल्हाटी में कांग्रेस की मंडल स्तरीय बैठक सम्पन्न, किसानों के धान खरीदी और समर्थन मूल्य  के मुद्दे पर हुई चर्चा

चिल्हाटी में कांग्रेस की मंडल स्तरीय बैठक संपन्न, किसानों के धान खरीदी और समर्थन मूल्य के मुद्दे पर हुई चर्चा

धान का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 3400 रुपये प्रति क्विंटल देने की मांग को सड़क से सदन तक उठाने का प्रस्ताव पारित

अंबागढ़ चौकी। दिनांक 25 अक्टूबर 2026, रविवार को अंबागढ़ चौकी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में ग्राम चिल्हाटी स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर के पास मंडल स्तरीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान प्रदेश एवं क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं, किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों के हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में चिल्हाटी मंडल अध्यक्ष विकास लाउत्रे ने कांग्रेस पार्टी की विचारधारा, संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर अपने विचार रखे। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक माह नियमित रूप से कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित करने का निर्णय लिए जाने की जानकारी दी। बैठक में क्षेत्र के किसानों, मजदूरों तथा समाज के सभी वर्गों के हितों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।

‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान को लेकर चर्चा

बैठक में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान के अंतर्गत प्रत्येक ग्राम के बूथ अध्यक्षों को नए मतदाताओं को जोड़ने तथा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और गलत तरीके से कटे नामों की जानकारी जुटाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही गई। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवक-युवतियों को मतदाता सूची में शामिल कराने तथा बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के साथ समन्वय बनाकर मतदाता सूची के सुधार कार्य में सहयोग करने का सुझाव दिया गया।

इसके साथ ही प्रदेश एवं ब्लॉक स्तर के कांग्रेस पदाधिकारियों और सेक्टर प्रभारियों को एक नवंबर से पहले आवश्यक तैयारियां करने की जानकारी दी गई। बैठक में राहुल गांधी के नेतृत्व को मजबूत करने के उद्देश्य से दिल्ली जाने तथा मतपत्र (बैलेट पेपर) से चुनाव कराने की मांग के समर्थन में भागीदारी करने के विषय पर भी चर्चा हुई।

किसानों को 3400 रुपये प्रति क्विंटल धान मूल्य देने की मांग

बैठक में छत्तीसगढ़ के किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धान के समर्थन मूल्य में 358 रुपये की वृद्धि को जोड़कर किसानों को 3400 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान सुनिश्चित करने की मांग रखी। इस मांग को लेकर सड़क से सदन तक आवाज उठाने का प्रस्ताव पारित किया गया।

वक्ताओं ने धान खरीदी की प्रक्रिया को लेकर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि छोटे किसानों को एक बार, मध्यम किसानों को दो बार और बड़े किसानों को तीन बार धान बेचने की व्यवस्था संबंधी प्रस्ताव से किसानों को परेशानी हो सकती है। उदाहरण देते हुए कहा गया कि यदि किसी किसान ने 200 कट्टा धान बेचने के लिए टोकन प्राप्त किया है, लेकिन किसी कारणवश वह एक बार में केवल 150 कट्टा धान ही बेच पाता है, तो शेष धान बेचने में उसे कठिनाई हो सकती है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि धान खरीदी व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिससे किसान अपने रिकॉर्ड एवं निर्धारित पात्रता के अनुसार पूरा धान बेच सकें और किसी भी किसान को नुकसान न उठाना पड़े।

ये पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे उपस्थित

बैठक में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अंबागढ़ चौकी के अध्यक्ष मुकेश सिन्हा, प्रदेश महासचिव किसान कांग्रेस कमेटी रायपुर एवं चिल्हाटी विधायक प्रतिनिधि उदय राम साहू, चिल्हाटी मंडल अध्यक्ष विकास लाउत्रे, जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष बेनी प्रसाद साहू, बाधा बाजार सेक्टर प्रभारी मनोहर सिंह लाउत्रे, जनपद सदस्य प्रतिनिधि ललित कोसरे, मुकुंद जनबंधु, जनपद सदस्य कमलेश वर्चो, श्रीमती सीमा मानिकपुरी, सेवाराम साहू, जितलाल चंद्रवंशी, पूनमचंद साहू, कन्हैया नेताम, भागवत अठलगड़े, सालिक राम साहू, दयालु राम मड़ावी, सुकलाल कुमेटी, हरि अम्बादे, अमरदास साहू, लक्ष्मण सिन्हा सहित कांग्रेस कमेटी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक में संगठन को मजबूत करने, किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और आगामी कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर सहमति बनी।

प्रेस विज्ञप्ति हेतु जानकारी: उदय राम साहू, किसान नेता।

Back to top button