मोहला-मानपुर

खड़गांव की बेटी गीतांजलि चौधरी ने ताईक्वांडो मे जीती स्वर्ण पदक, अंतर्राष्ट्रीय मंच पर लहराया तिरंगा

खड़गांव की बेटी गीतांजली चौधरी ने ताईक्वांडो में जीती स्वर्ण पदक, अंतर्राष्ट्रीय मंच पर लहराया तिरंगा

खड़गांव

आदिवासी अंचल की होनहार बेटी कुमारी गीतांजलि चौधरी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए नेपाल में आयोजित ताइक्वांडो मार्शल आर्ट प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक एवं रजत पदक जीतकर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे मोहला-मानपुर जिले, छत्तीसगढ़ और देश का नाम गौरवान्वित किया है।
कुमारी गीतांजलि चौधरी, पिता तरुण चौधरी एवं दादा गजानंद चौधरी की सुपुत्री हैं। वे ग्राम खड़गांव जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी की निवासी हैं। उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए पोखरा (नेपाल) में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो मार्शल आर्ट प्रतियोगिता में भाग लिया।
प्रतियोगिता में गीतांजलि ने क्योरगी स्पर्धा में स्वर्ण पदक तथा प्योंसी स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। क्योरगी प्रतियोगिता में भारत, नेपाल, श्रीलंका, भूटान, बांग्लादेश और ब्राजील सहित छह देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। गीतांजलि ने सभी मुकाबलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वियों को पराजित किया और फाइनल में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता से विजयी होकर खड़गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा एवं भव्य स्वागत के साथ अभिनंदन किया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी उपस्थित होकर बेटी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं।


स्वागत समारोह में विधायक इंद्रशाह मंडावी, ब्लॉक अध्यक्ष मानपुर बालचंद कोरेटी, जनपद अध्यक्ष पुष्पा मंडावी, कृषि सभापति सईदा खान, नरेंद्र देशमुख, तोमन साहू, निरीक्षक गणेश यादव, मानसिंह टेकाम तथा हरिभूमि के संवाददाता विजय मित्तल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक मंडावी जी ने कहा कि आदिवासी अंचल की बेटियां प्रतिभा और साहस में किसी से कम नहीं हैं। गीतांजलि की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा है। उन्होंने गीतांजलि की माता के प्रोत्साहन की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक माता-पिता का सपना होता है कि उनके बच्चे परिवार, समाज, क्षेत्र और देश का नाम रोशन करें। बेटियां आज हर क्षेत्र में बेटों के समान ही नहीं, बल्कि अनेक क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर रही हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि इसी प्रकार मेहनत और समर्पण जारी रहा तो गीतांजलि भविष्य में ओलंपिक जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश के लिए और भी बड़े सम्मान अर्जित करेंगी। विधायक ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं।
गीतांजलि चौधरी की यह उपलब्धि पूरे मोहला-मानपुर जिले एवं आदिवासी अंचल के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने की नई प्रेरणा मिलेगी।

मानपुर से जिब्राइल खान की रिपोर्ट

Back to top button
error: Content is protected !!