भाजपा को विधवा विलाप करने के बजाय विकास कार्य पर ध्यान देना चाहिए: देवानंद कौशिक

अंबागढ़ चौकी: तहसील मुख्यालय खड़गांव में भाजपा के द्वारा विधायक इंद्रशाह मंडावी के पुतला दहन को जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता देवानंद कौशिक ने दुर्भाग्य बताया और कहा की भाजपा को विधवा विलाप करने के बजाय विकास कार्यों पर ध्यान देना चाहिए। ज्ञात हो कि खड़गांव भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा विधायक मंडावी का किसानों को भड़काने एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को बदनाम करने के विरोध में पुतला दहन किया गया था। प्रवक्ता देवानंद कौशिक ने कहा कि स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा ये पुतला दहन केवल खिसियानी बिल्ली खंबा नोचे की स्थिति है। 11 जून को खड़गांव में विधायक मंडावी सहित खड़गांव संघर्ष समिति के द्वारा शासन-प्रशासन से खड़गांव में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, नवीन महाविद्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एमबीबीएस चिकित्सक, मुरारगोटा धान खरीदी केंद्र में भवन, आदिवासी सहकारी समिति खरदी में पर्याप्त खाद उपलब्धता की मांग को लेकर पूरे क्षेत्रवासी इकट्ठा होकर राज्यपाल के नाम रैली के शक्ल में तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार आशीष राज को ज्ञापन सौंपा है।

इन आवश्यक मांगों को लेकर जब खड़गांव क्षेत्र की जनता एकमत होकर सरकार से मांग करने इकठ्ठा हुए तो भाजपाइयों को मिर्ची लग गई है। भाजपा उस भीड़ को नहीं पचा रही है जो इंद्रशाह मंडावी के साथ सत्ता के विरोध में आवाज बुलंद कर रही थी। भाजपाई क्षेत्र के जनता के मांगो को लेकर आवाज बुलंद करने के बजाय विधायक के विरोध में चिल्ला चिल्ला के गुमराह करने और धोखा करने का आरोप लगा रहे है। जो सरासर गलत है। भाजपा के कार्यकर्ता इतना ही बताने का कष्ट करेंगे कि खड़गांव तहसील किसके कार्यकाल में बना? खड़गांव में आत्मानंद स्कूल कब खुला? मुरारगोटा में धान खरीदी केंद्र कब खुला? बोदरा तक सड़क कब बना? कमकासुर दुलकी तक सड़क कब बना? बोरिया ठेकेदारी होकर जक्के तक सड़क और पुलिया कब बना? जक्के में कन्या आश्रम कब बना? ये कोई भाजपाई बता पाएगा। ये सब कार्य भूपेश बघेल तथा इंद्रशाह मंडावी के नेतृत्व में संभव हुआ है। जिन्हें देखकर भाजपाई चिढ़ने लगे है। आप समझ सकते है कि अगर विधायक मंडावी खड़गांव क्षेत्र के लिए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, नवीन कॉलेज, अस्पताल में एमबीबीएस डॉक्टर, मुरारगोटा धान खरीदी केंद्र में भवन, खरदी सहकारी केंद्र में पर्याप्त खाद की मांग को लेकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपने हेतु क्षेत्र के कार्यकर्ता इकट्ठा होते है तो इसमें गलत क्या है। जबकि इन बातों को तो भाजपा को चुनौती के रूप में लेना चाहिए और सत्ता के बल पर कार्य को करके दिखाना चाहिए, किंतु भाजपा ये नहीं कर सकती। लोगों की झूठी सांत्वना लेने के लिए भाजपा के कार्यकर्ता अनर्गल क्रियाकलाप विधायक के विरोध में कर रहे है। सहकारी केंद्रों में डीएपी खाद की किल्लत सब जान रहे है। इस दिशा में किसी भाजपा कार्यकर्ता द्वारा पहल नहीं किया जा रहा है। इस जिले में एक भी नया कार्य अगर भाजपा के 19 महीने में हुए होंगे तो बता दीजिए।
प्रवक्ता देवानंद कौशिक ने आगे कहा कि 15 सालों तक प्रदेश में भाजपा की स्थिर सरकार थी तब इस वनांचल को जिला बनाने के बारे में भाजपा ने क्यों नहीं सोचा? पीटेमेटा-आमकोड़ो गांव अबूझ पहेली बन गई थी वहां कोई विधायक जाने वाला है तो इंद्रशाह मंडावी है जो कांग्रेस के शासनकाल में हुआ है। हुरवे-हुरेली मार्ग में पुलिया निर्माण, मोर चूल तूकाम तक सड़क, औंधी तहसील, वासड़ी तहसील, दो नए विद्युत सब स्टेशन, नवीन धान खरीदी केंद्र ये सब कार्य तो कांग्रेस शासन के पिछले पांच साल में हुए। ये कार्य भाजपा के 15 साल के स्थिर सरकार में क्यों नहीं हो पाए। यही बात भाजपाई उसी खड़गांव चौक में आकर बता दें जहां उन्होंने विधायक का पुतला फूंका है।
*योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट***