
– सुशासन तिहार 2026
– मार्री क्लस्टर जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ
– सुशासन तिहार के तहत मार्री में लगा समाधान शिविर, 705 आवेदन प्राप्त मोहला 8 मई 2026। मोहला विकासखंड के ग्राम पंचायत मार्री में 8 मई को आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ग्रामीणों के लिए राहत और समाधान का बड़ा मंच साबित हुआ। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में प्रशासन ने गांवों तक पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण की प्रक्रिया मौके पर ही प्रारंभ की। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की मौजूदगी से ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़ा। शिविर में मार्री, भोजटोला, वासड़ी, पाटनवाड़वी, पाटनखास, मरकाटोला, करमरी, मंडावीटोला, सांगली, मड़ियावाड़वी और उरवाही ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि पहुंचे। इस दौरान मांग और शिकायत से संबंधित कुल 705 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर त्वरित निराकरण की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल में ग्रामीणों की सिकल सेल, टीबी, शुगर, रक्त जांच एवं ब्लड प्रेशर की नि:शुल्क जांच की गई। साथ ही जरूरतमंदों को मुफ्त दवाइयों का वितरण भी किया गया। शिविर में राजस्व विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, शिक्षा विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण विभाग, जल संसाधन, कृषि, उद्यानिकी, विद्युत, सहकारिता, स्वास्थ्य, परिवहन, वन, मत्स्य तथा खाद्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी और आवेदन प्राप्त किए। शिविर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री भोजेश शाह मांडवी, जनपद अध्यक्ष श्रीमती गैंदकुंवर ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य श्री नरसिंह भंडारी, कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति जिला पंचायत सीईओ श्रीमती भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर जीआर मरकाम, जनप्रतिनिधि श्री दिलीप वर्मा, श्री मदन साहू, श्री रमेश हिडामे,श्री प्रकाश मिश्रा, अमीत श्रीवास्तव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्राम पंचायतों के सरपंच व पंच, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहें।






– हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने 5 आवास पूर्णता प्रमाण पत्र वितरित किए। इसके अलावा राशन कार्ड, मनरेगा कार्य स्वीकृति आदेश, 6 जॉब कार्ड तथा पेंशन स्वीकृति आदेश भी प्रदान किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 3 टीबी मुक्त किट वितरित की गईं, वहीं नवविवाहित जोड़ों को 3 सिगार पेटी प्रदान की गई। राजस्व विभाग ने 20 हितग्राहियों को आबादी पट्टा वितरित किया। उद्यानिकी विभाग ने 10 फलदार पौधों का वितरण किया, जबकि मत्स्य विभाग द्वारा 2 जाल दिए गए। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत 5 हितग्राहियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। शिविर के माध्यम से प्रशासन ने ग्रामीणों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ-साथ समस्याओं के त्वरित समाधान का संदेश भी दिया।
मोहला से योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट