Newsमोहला

नागरिक सूचना पटल में दर्ज कार्य का भुगतान दो वर्षों से लंबित, ग्रामीणों में आक्रोश

नागरिक सूचना पटल में दर्ज कार्य का भुगतान दो वर्षों से लंबित, ग्रामीणों में आक्रोश
मोहला–मानपुर–अंबागढ़ चौकी।
चौकी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत रेंगाकठेरा में शासकीय प्राथमिक शाला के दीर्घ मरम्मत/जीर्णोद्धार कार्य का भुगतान पिछले दो वर्षों से अटका हुआ है। यह कार्य समग्र शिक्षा योजना के तहत स्वीकृत किया गया था, लेकिन आज तक संबंधित कार्य एजेंसी को भुगतान नहीं मिलने से गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
नागरिक सूचना पटल में दर्ज विवरण के अनुसार कार्य का नाम दीर्घ मरम्मत/जीर्णोद्धार कार्य है, जो शासकीय प्राथमिक शाला रेंगाकठेरा में कराया गया। यह कार्य वित्तीय वर्ष 2023–24 में स्वीकृत हुआ था, जिसकी स्वीकृत राशि 2.90 लाख रुपये है। योजना से संबंधित एसवी क्रमांक 50, दिनांक 09/01/2024 दर्ज है।


कार्य की प्रारंभ तिथि 10 फरवरी 2024 तथा पूर्णता तिथि 24 दिसंबर 2024 बताई गई है। कार्य एजेंसी के रूप में ग्राम पंचायत रेंगाकठेरा के सरपंच का नाम दर्ज है। कार्य समय-सीमा के भीतर पूर्ण होने के बावजूद अब तक भुगतान नहीं किया गया, जिससे पंचायत स्तर पर असंतोष की स्थिति बनी हुई है।
स्थानीय ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि कार्य पूर्ण होने के बाद भी भुगतान रोके जाने से न केवल ग्राम पंचायत की छवि धूमिल हो रही है, बल्कि भविष्य में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में भी बाधा उत्पन्न हो सकती है। वहीं संबंधित एजेंसी आर्थिक संकट से जूझ रही है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि शिक्षा विभाग एवं जनपद पंचायत इस मामले में शीघ्र संज्ञान लें और लंबित भुगतान को तत्काल जारी करें। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों द्वारा उच्च अधिकारियों से शिकायत करने एवं आंदोलन का रास्ता अपनाने की चेतावनी भी दी जा रही है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर लापरवाही पर कब तक कार्रवाई करता है और ग्राम पंचायत रेंगाकठेरा को कब न्याय मिल पाता है।
मोहला से योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट

Back to top button
error: Content is protected !!