छत्तीसगढ़मोहला

कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने* निर्माणाधीन कार्यों का किया निरीक्षणगुणवत्ता एवं समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने के दिए निर्देश…

कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने* निर्माणाधीन कार्यों का किया निरीक्षण
गुणवत्ता एवं समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने के दिए निर्देश**
मोहला, 7 जनवरी 2026।
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज जिले में चल रहे प्रमुख निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण कर उनकी प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य भी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने, श्रमिकों की संख्या बढ़ाने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।


कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने मानपुर स्थित निर्माणाधीन एकलव्य आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय भवन, कक्षाओं, छात्रावास, रसोई, शौचालय, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की। कलेक्टर ने कहा कि यह विद्यालय आदिवासी क्षेत्र के विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है, इसलिए निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किया जाना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित एजेंसी को निर्देशित किया कि श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर कार्य में तेजी लाई जाए और किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।


इसके पश्चात कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने मोहला स्थित जिला अस्पताल के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का अवलोकन करते हुए कहा कि जिला अस्पताल आम नागरिकों की स्वास्थ्य सुविधाओं से सीधे जुड़ा हुआ है, इसलिए इसका समय पर पूर्ण होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की नियमित जांच एवं तकनीकी मानकों के पूर्ण पालन के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की सतत निगरानी एवं नियमित प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने कहा कि शासन के मंशानुरूप जिले में अधोसंरचना विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। इन कार्यों के पूर्ण होने से शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्माण कार्यों को शीघ्र, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मोहला से योगेन्द्र सिंगने की रिपोर्ट

Back to top button
error: Content is protected !!